देवेंद्र फडणवीस या एकनाथ शिंदे...महाराष्ट्र का अगला सीएम कौन? आज होगा फैसला

महाराष्ट्र की राजनीति में आज का दिन बेहद अहम है. सूत्रों के अनुसार आज विधायक दल की बैठक होगी जिसमें विधायक अपने नेता का चुनाव करेंगे. इस बैठक के बाद राजनीतिक तस्वीर साफ होने की उम्मीद है. वहीं बीजेपी अपने सहयोगी दलों के नेताओं के साथ समर्थन पत्र लेकर दोपहर 3:30 बजे राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात करेगी.

Deeksha Parmar
Edited By: Deeksha Parmar

महाराष्ट्र की सियासत में हलचल तेज है. बुधवार को बीजेपी विधायक दल की बैठक होने जा रही है, जिसमें मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा. सूत्रों के अनुसार, नई कैबिनेट में 43 मंत्री बनाए जा सकते हैं. इसमें बीजेपी, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार गुट के विधायकों को जगह मिलेगी.

बीजेपी विधायक दल की बैठक में दिल्ली से केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में निर्मला सीतारमण और विजय रूपाणी मौजूद रहेंगे. ये दोनों नेता बैठक में सीएम पद के नाम पर मुहर लगवाएंगे और विधायकों की राय लेंगे.

शिवसेना ने मांगे 13-16 मंत्री पद  

एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने 57 सीटें जीतकर आई है और वह 13 से 16 मंत्री पद की मांग कर रही है. उन्हें 13 मंत्री पद मिलने की संभावना है, जिनमें 7 कैबिनेट और 6 राज्य मंत्री हो सकते हैं. वहीं अजित पवार के गुट के 41 विधायकों के लिए 5 कैबिनेट और 4 राज्य मंत्री पद मिलने की उम्मीद है.  

बैठक में होगा सीएम फेस का फैसला  

बुधवार सुबह 10 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी. इस बैठक में दिल्ली से आए पर्यवेक्षक निर्मला सीतारमण और विजय रूपाणी भी शामिल होंगे. इसमें यह तय होगा कि महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा.

शिंदे के डिप्टी सीएम बनने की संभावनाएं

मंगलवार शाम मुख्यमंत्री आवास ‘वर्षा’ पर एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस के बीच करीब एक घंटे तक बैठक हुई. इस बैठक के बाद शिवसेना विधायक भरत गोगावले ने दावा किया कि यह मुलाकात सकारात्मक रही. सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी के पास विधायक दल में बहुमत होने के कारण मुख्यमंत्री पद पर बीजेपी का दावा मजबूत है. ऐसे में देवेंद्र फडणवीस को सीएम बनाए जाने की संभावना है, और एकनाथ शिंदे को डिप्टी सीएम का पद सौंपा जा सकता है.

महायुति में एकता का दावा  

शिवसेना प्रवक्ता किरण पावसकर ने कहा कि महायुति (बीजेपी, शिवसेना और एनसीपी) में कोई मतभेद नहीं है. बुधवार को तीनों पार्टियों के नेता राज्यपाल से मिलकर बहुमत का दावा करेंगे.बता दें कि मंगलवार को ठाणे स्थित अपने घर में एकनाथ शिंदे की तबीयत खराब हो गई थी. हालांकि, कुछ समय बाद वह बेहतर महसूस करने लगे और ‘वर्षा’ बंगले पर वापस लौटकर अपने विधायकों के साथ बैठक की.

अटकलों का बाजार गर्म  

मंगलवार को एकनाथ शिंदे की तबीयत और बीजेपी-शिवसेना की बैठक को लेकर कई तरह के कयास लगाए गए. लेकिन अब सारी नजरें बुधवार की बैठक पर हैं, जिसमें महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री और नई सरकार की कैबिनेट का फॉर्मूला साफ हो जाएगा.  

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो