कोई माई का लाल पैदा नहीं हुआ जो...राहुल गांधी के ट्रेड डील वाले आरोप पर किरेन रिजिजू ने किया पलटवार

लोकसभा में केंद्रीय बजट पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने देश को बेच दिया है. उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ हुए ट्रेड डील होलसेल सरेंडर है. यह डील दोनों देशों के बीच बराबरी के शर्त पर नहीं किया गया है. राहुल गांधी ने दावा किया कि इस व्यापार समझौते में किसानों के हितों को कुचल दिया गया है. सरकार को ऐसा करते शर्म आनी चाहिए कि उसने भारत माता को बेच दिया है.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

नई दिल्ली : लोकसभा में राहुल गांधी ने बुधवार को केंद्रीय बजट चर्चा के दौरान मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को 'होलसेल सरेंडर' करार दिया और आरोप लगाया कि इससे किसानों, ऊर्जा सुरक्षा और देश के डेटा को खतरा हुआ है. सरकार की ओर से संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पलटवार किया कि कोई देश नहीं बेच सकता. सदन में हंगामा हुआ और स्पीकर जगदंबिका पाल से भी नोकझोंक हुई. 

सरकार ने किसानों को कमजोर कर दिया 

आपको बता दें कि लोकसभा में बजट पर चर्चा के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र की नीतियों पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने भारत-अमेरिका के बीच हुए अंतरिम व्यापार समझौते को एकतरफा बताते हुए कहा कि यह देश के हितों से समझौता है. राहुल ने दावा किया कि सरकार ने किसानों को अमेरिकी कंपनियों के सामने कमजोर किया है, डेटा सौंप दिया है और ऊर्जा सुरक्षा को खतरे में डाला है. इस पर सरकार पक्ष से कड़ा जवाब आया और सदन में तीखी बहस छिड़ गई. दोनों तरफ से आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला, जिससे माहौल गरमाया. 

अमेरिका के साथ समझौता बराबरी पर नहीं हुआ 

राहुल गांधी ने कहा कि यह समझौता बराबरी पर नहीं हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अमेरिका के सामने सरेंडर कर दिया है. किसानों के हित कुचले गए हैं, टेक्सटाइल क्षेत्र खत्म हो रहा है और ऊर्जा सुरक्षा दूसरों के हाथ में सौंपी जा रही है. राहुल ने कहा कि कोई भी प्रधानमंत्री ऐसा नहीं करता, जब तक दबाव न हो. उन्होंने भारत माता को बेचने का गंभीर इल्जाम लगाया.

कोई माई का लाल पैदा नहीं हुआ जो...रिजिजू 

वहीं राहुल गांधी के इस बयान पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जवाब दिया कि कोई माई का लाल पैदा नहीं हुआ जो देश को बेच या खरीद सके. उन्होंने राहुल के आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि बिना सबूत के ऐसे दावे मंजूर नहीं. रिजिजू ने पीएम मोदी को अब तक का सबसे मजबूत प्रधानमंत्री बताया. दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग हुई और सदन में हंगामा बढ़ गया.

राहुल ने एपस्टीन फाइल का जिक्र करते हुए स्पीकर जगदंबिका पाल से कहा कि वे पूर्व में उनकी पार्टी से जुड़े थे, इसलिए विशेष संरक्षण की उम्मीद है. स्पीकर ने पलटकर कहा कि यह चेयर पर आरोप है और राहुल को बजट पर बोलना चाहिए. आरोप रिकॉर्ड नहीं होंगे. राहुल ने कहा कि वे निष्कर्ष तक पहुंचने दें, वरना समय लगेगा.

US -चीन मुकाबले में भारतीय डेटा सबसे मूल्यवान

राहुल ने कहा कि अमेरिका-चीन मुकाबले में भारतीय डेटा सबसे मूल्यवान है. डॉलर बचाने के लिए अमेरिका को भारत का डेटा चाहिए. जनसंख्या त्रासदी नहीं, ताकत है. अगर इंडिया गठबंधन सत्ता में होता तो ट्रंप से बराबरी पर बात करता, किसानों और ईंधन की रक्षा की शर्त रखता. भारत को पाकिस्तान के बराबर नहीं खड़ा किया जा सकता.

यह सरेंडर 140 करोड़ लोगों का

राहुल ने दावा किया कि सबूत दे रहे हैं, लेकिन रिजिजू ने आपत्ति जताई कि चेयर की रूलिंग के बावजूद आरोप लगाए जा रहे हैं. स्पीकर ने कहा कि प्रमाण मंत्री ने मांगा नहीं. राहुल ने जोर दिया कि यह सरेंडर 140 करोड़ लोगों का है और बीजेपी के फाइनेंशियल स्ट्रक्चर से जुड़ा है. सदन में दोनों पक्षों का हंगामा जारी रहा.
 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag