भारत के बारे में क्या सोचती है दुनिया? 24 देशों के सर्वे में हुआ बड़ा खुलासा
भारत आज विश्व के शक्तिशाली देशों में शुमार है. दुनिया के कई देश इसके साथ अच्छे संबंध बनाने के इच्छुक हैं. हाल ही में प्यू रिसर्च सेंटर ने 24 देशों में भारत के प्रति दृष्टिकोण पर सर्वे किया, जिसमें सकारात्मक और नकारात्मक दोनों तरह की राय सामने आई.

Pew Research Survey 2025: भारत आज विश्व के शक्तिशाली देशों में से एक माना जाता है. अपनी कूटनीतिक नीतियों और संतुलित विदेश नीति के कारण, दुनिया के कई देश भारत के साथ अच्छे संबंध स्थापित करने की कोशिश में हैं. हाल ही में प्यू रिसर्च सेंटर ने 24 देशों में किए गए सर्वे में भारत के प्रति वैश्विक दृष्टिकोण पर बड़ी जानकारी साझा की है.
सर्वे में यह सामने आया कि अधिकांश देशों के लोग भारत के प्रति सकारात्मक नजरिया रखते हैं, लेकिन कुछ देशों में आलोचनात्मक और नकारात्मक दृष्टिकोण भी देखा गया. यह सर्वे 8 जनवरी से 26 अप्रैल, 2025 तक किया गया, जिसमें कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के बाद की राय भी शामिल थी.
भारत के प्रति वैश्विक दृष्टिकोण
24 देशों में से लगभग 47% लोगों की भारत के प्रति राय सकारात्मक रही, जबकि 38% लोगों ने नकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्त किया. बाकी 13% लोगों ने इस बारे में कोई राय नहीं दी.
अमेरिका में 49% लोग भारत के प्रति सकारात्मक नजरिया रखते हैं, वहीं कनाडा और ब्रिटेन में क्रमशः 47% और 60% लोगों का रुख सकारात्मक पाया गया.
किन देशों में भारत की छवि सकारात्मक?
सर्वे में यह भी पता चला कि केन्या, यूनाइटेड किंगडम और इज़राइल में भारत के प्रति दृष्टिकोण सबसे अनुकूल है. इन देशों में दस में से छह या उससे अधिक लोगों ने कहा कि उनका भारत के प्रति सकारात्मक नजरिया है.
इसके अलावा जर्मनी, जापान, इंडोनेशिया और नाइजीरिया में भी बहुसंख्यक लोग भारत के प्रति सकारात्मक सोच रखते हैं.
किन देशों में भारत की छवि नकारात्मक?
हालांकि, कुछ देशों में भारत के प्रति नकारात्मक दृष्टिकोण ज्यादा दिखाई दिया. तुर्की और ऑस्ट्रेलिया में आधे से ज्यादा लोग भारत के प्रति आलोचनात्मक रहे.
अर्जेंटीना और ब्राजील में भी भारत के प्रति निगेटिव सोच अधिक रही. अमेरिका और दक्षिण कोरिया में भारत के प्रति राय लगभग समान रूप से बंटी हुई है.
दक्षिण अफ्रीका में सर्वे में भाग लेने वालों ने आम तौर पर भारत के बारे में अधिक आलोचनात्मक विचार व्यक्त किए, हालांकि 46% लोगों ने अपनी राय सकारात्मक बताई.


