Rajasthan SIR : राजस्थान में पूरी हुई SIR प्रक्रिया, फाइनल वोटर लिस्ट जारी...काटे गए 31 लाख से अधिक नाम

देश के कई रज्यों में स्पेशल इंटेसिव रिवीजन SIR कराया जा रहा है. इसी के तहत राजस्थान में भी SIR की यह प्रक्रिया चलाई जा रही थी. चुनाव आयोग ने राज्य में SIR प्रक्रिया पूरी करने के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी है. इसके अनुसार राज्य में 31 लाख से अधिक लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काटे जा चुके है. वहीं 12 लाख नए नाम जोड़े भी गए है. 

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

राजस्थान : चुनाव आयोग ने राजस्थान में मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए चलाए गए 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (एसआईआर) अभियान को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है. इस व्यापक प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य फर्जी और दोहरे नामों को हटाकर एक पारदर्शी सूची तैयार करना था. आयोग द्वारा जारी अंतिम आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब मतदाताओं की कुल संख्या 5 करोड़ 15 लाख से अधिक हो गई है. इस प्रक्रिया के दौरान प्रदेश की 199 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर बदलाव देखे गए हैं.

बड़े पैमाने पर नामों की कटौती

आपको बता दें कि चुनाव आयोग की इस विशेष मुहिम के तहत राजस्थान में रिकॉर्ड स्तर पर मतदाताओं के नाम काटे गए हैं. 27 अक्टूबर 2025 को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में कुल 5 करोड़ 46 लाख से ज्यादा नाम शामिल थे. हालांकि, अंतिम सूची के प्रकाशन तक कुल 31 लाख 36 हजार 286 नामों को अपात्र या फर्जी पाए जाने पर सूची से हटा दिया गया है. इस बड़े पैमाने पर की गई कटौती का उद्देश्य चुनावों की शुचिता और पारदर्शिता को सुनिश्चित करना है.

नए मतदाताओं का उत्साह

दरअसल, नामों को हटाने के साथ-साथ आयोग ने नए पात्र मतदाताओं को जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया है. ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद से अब तक राज्य में 12 लाख 91 हजार 365 नए नाम मतदाता सूची में जोड़े गए हैं. इसके परिणामस्वरूप, अंतिम सूची में मतदाताओं की कुल संख्या अब 5 करोड़ 15 लाख 19 हजार 929 हो गई है. यह संख्या पिछले ड्राफ्ट पब्लिकेशन की तुलना में लगभग 2.08 प्रतिशत की शुद्ध बढ़ोतरी दर्शाती है.

लिंगानुपात 909 से बढ़कर अब 911 हो गया

इस रिवीजन प्रक्रिया का एक सबसे सकारात्मक पहलू राज्य के लिंगानुपात में हुई बढ़ोतरी है. SIR के बाद राजस्थान का लिंगानुपात 909 से बढ़कर अब 911 हो गया है. जिलों की बात करें तो जयपुर में इसमें सर्वाधिक 7 अंकों की वृद्धि हुई है. कोटा में 6 अंक और अजमेर, सिरोही, डूंगरपुर सहित कई अन्य जिलों में 4 अंकों का सुधार दर्ज किया गया है. यह आंकड़ा मतदाता सूची में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और सटीक पंजीकरण की पुष्टि करता है.

जयपुर में सबसे ज्यादा नए वोटर

मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के मामले में प्रदेश की राजधानी जयपुर में सबसे आगे रही है. ड्राफ्ट सूची के प्रकाशन के बाद जयपुर जिले में सबसे अधिक संख्या में नए मतदाताओं के नाम दर्ज किए गए हैं. इसके बाद फलौदी और भरतपुर जिलों का नंबर आता है. लिंग आधारित आंकड़ों को देखें तो राज्य में वर्तमान में 2.69 करोड़ से अधिक पुरुष और 2.45 करोड़ से अधिक महिला मतदाता हैं. वहीं, ट्रांसजेंडर मतदाताओं की कुल संख्या 562 दर्ज की गई है.

अन्य राज्यों में प्रक्रिया जारी

राजस्थान के अलावा देश के आठ अन्य राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में भी यह स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन प्रक्रिया चलाई गई थी. चुनाव आयोग ने संकेत दिए हैं कि राजस्थान के बाद अब अन्य राज्यों के भी अंतिम आंकड़े जल्द ही सार्वजनिक किए जाएंगे. आयोग का लक्ष्य पूरे देश में एक त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार करना है. जिन राज्यों में अभी यह प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है, वहां भी जल्द ही इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag