रूस के उप रक्षा मंत्री को मारने की कोशिश, अपार्टमेंट में घुसकर मारी गोली
मॉस्को में शुक्रवार की सुबह लेफ्टिनेंट जनरल व्लादिमीर अलेक्सेयेव को उनके अपार्टमेंट बिल्डिंग में अज्ञात हमलावर ने कई गोलियां मार दीं. व्लादिमीर अलेक्सेयेव 2011 से ग्रू में महत्वपूर्ण पद पर हैं. वे रूसी सैन्य खुफिया के डिप्टी चीफ हैं और यूक्रेन संघर्ष से जुड़े कई ऑपरेशंस में उनकी भूमिका रही है.

नई दिल्लीः मॉस्को में शुक्रवार की सुबह एक बड़े रूसी सैन्य अधिकारी पर गोलीबारी की घटना ने सबको चौंका दिया. लेफ्टिनेंट जनरल व्लादिमीर अलेक्सेयेव को उनके अपार्टमेंट बिल्डिंग में अज्ञात हमलावर ने कई गोलियां मार दीं. घटना वोलोकोलामस्क हाईवे पर उत्तर-पश्चिमी इलाके में हुई, जहां हमलावर ने पीठ पर गोली चलाई और मौके से फरार हो गया.
जनरल अलेक्सेयेव को गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. रूसी जांच समिति की प्रवक्ता स्वेतलाना पेट्रेंको ने बताया कि यह हमला हत्या के प्रयास के रूप में दर्ज किया गया है. अभी तक हमलावर की पहचान नहीं हुई है और न ही कोई गिरफ्तारी हुई है. अधिकारी की हालत के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी गई, लेकिन वे अस्पताल में भर्ती हैं.
खुफिया एजेंसी में लंबी सेवा
व्लादिमीर अलेक्सेयेव 2011 से ग्रू में महत्वपूर्ण पद पर हैं. वे रूसी सैन्य खुफिया के डिप्टी चीफ हैं और यूक्रेन संघर्ष से जुड़े कई ऑपरेशंस में उनकी भूमिका रही है. 2018 के सालिसबरी नोविचोक हमले से जुड़े होने के कारण वे यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों में भी शामिल रहे हैं. साथ ही, 2023 में वैगनर ग्रुप के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन की बगावत के दौरान उन्हें बातचीत के लिए भेजा गया था.
यूक्रेन युद्ध के बाद बढ़ते हमलेयह घटना यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद मॉस्को में वरिष्ठ रूसी अधिकारियों पर हुए हमलों की एक लंबी श्रृंखला का हिस्सा लगती है. रूस अक्सर ऐसे मामलों में यूक्रेन की खुफिया एजेंसियों को जिम्मेदार ठहराता है. कुछ हमलों की जिम्मेदारी यूक्रेनी पक्ष ने भी ली है.
2025 में आर्मी ट्रेनिंग प्रमुख की हुई थी मौत
हाल ही में दिसंबर 2025 में जनरल स्टाफ के आर्मी ट्रेनिंग डायरेक्टरेट के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल फानिल सरवारोव की कार में बम विस्फोट से मौत हो गई थी. इससे पहले भी कई उच्च पदस्थ सैन्य अधिकारियों की हत्या या हमले की खबरें आई हैं. ये घटनाएं रूस की राजधानी में सुरक्षा की चिंताएं बढ़ा रही हैं.


