विवादित मौलाना फजलुर रहमान के बांग्लादेश दौरे को लेकर राजनीतिक विश्लेषक क्या सोचते हैं?

पाकिस्तान और बांग्लादेश के रिश्तों में हाल के दिनों में संपर्क और संवाद के संकेत मिल रहे हैं. हाल ही में पाकिस्तान के कई सैन्य अधिकारियों ने बांग्लादेश का दौरा किया था और अब इसी क्रम में पाकिस्तान के धार्मिक नेता और जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम के प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान बांग्लादेश पहुंच गए हैं.

Anuj Kumar
Edited By: Anuj Kumar

नई दिल्ली: पाकिस्तान और बांग्लादेश के रिश्तों में हाल के दिनों में संपर्क और संवाद के संकेत मिल रहे हैं. हाल ही में पाकिस्तान के कई सैन्य अधिकारियों ने बांग्लादेश का दौरा किया था और अब इसी क्रम में पाकिस्तान के धार्मिक नेता और जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम के प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान बांग्लादेश पहुंच गए हैं.

धार्मिक जलसे में शामिल होंगे

मौलाना फजलुर रहमान पाकिस्तान के विवादित धार्मिक नेताओं में से एक माने जाते हैं. वे अपने बयानों और कट्टरपंथी विचारों के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं. इस बार वे बांग्लादेश के विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों और सभाओं में हिस्सा लेने पहुंचे हैं. वह ढाका के सुहरावर्दी एवेन्यू पर होने वाले एक बड़े धार्मिक जलसे में शामिल होंगे. बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में मौलाना रहमान अहमदिया समुदाय को गैर-मुस्लिम घोषित करने की अपनी पुरानी मांग को दोहराएंगे और मुसलमानों से इस्लाम के विरोधियों के खिलाफ एकजुट होकर जिहाद करने का आह्वान करेंगे.

यात्रा का औपचारिक उद्देश्य क्या है?

हालांकि, मौलाना रहमान ने अपनी इस यात्रा का औपचारिक उद्देश्य धार्मिक और वैचारिक कार्यक्रमों में शामिल होना बताया है. उन्होंने कहा कि वे बांग्लादेश में आयोजित इस्लामिक कॉन्फ्रेंस, मदरसा सभाओं और अंतरराष्ट्रीय धार्मिक सम्मेलनों में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे. उनके साथ JUI-F के वरिष्ठ नेता और कई धार्मिक विद्वान भी मौजूद हैं.

रिपोर्ट के अनुसार, मौलाना रहमान ढाका और चटगांव जैसे शहरों में हो रहे विभिन्न धार्मिक आयोजनों में भाग लेंगे. उनका उद्देश्य पाकिस्तान और बांग्लादेश के धार्मिक संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाना और साझा विचारधारा को मजबूत करना बताया जा रहा है. इस दौरान वे बांग्लादेश के प्रमुख इस्लामी विद्वानों, मदरसों के प्रमुखों और धार्मिक संगठनों के नेताओं से मुलाकात करेंगे.

क्या कहते हैं राजनीतिक विश्लेषक

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह दौरा सिर्फ धार्मिक उद्देश्य तक सीमित नहीं है. उनके अनुसार, मौलाना रहमान दक्षिण एशिया में इस्लामी राजनीतिक नेटवर्क को मजबूत करने और अपने अंतरराष्ट्रीय प्रभाव को बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं. बांग्लादेश जैसे देश में जहां धार्मिक राजनीति पर सख्त निगरानी रखी जाती है, वहां उनकी मौजूदगी को राजनीतिक रूप से प्रतीकात्मक माना जा रहा है.

पारंपरिक साझेदारी और बढ़ते प्रभाव का संकेत

जानकारों का कहना है कि मौलाना रहमान की यह यात्रा केवल धार्मिक और शैक्षणिक संवाद का अवसर नहीं है. बल्कि यह दक्षिण एशिया में धार्मिक संगठनों की पारंपरिक साझेदारी और बढ़ते प्रभाव का संकेत भी देती है. इससे दोनों देशों के बीच धार्मिक कूटनीति और विचारधारात्मक सहयोग के नए अध्याय खुल सकते हैं, जो आने वाले समय में क्षेत्रीय राजनीति पर भी असर डाल सकते हैं.
 

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो