'बैसाखी का सहारा, मायूस चेहरा', IPL 2026 से पहले हर्षित राणा का हुआ बुरा हाल; वीडियो हुआ वायरल

आईपीएल 2026 को लेकर KKR की मुश्किलें और भी ज्यादा बढ़ गई है. टीम के तेज गेंदबाज हर्षित राणा का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे बैसाखी के सहारे चलते दिख रहे हैं. इससे लग रहा है कि वे पूरे सीजन से बाहर हो सकते हैं.

Sonee Srivastav

IPL 2026: कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए आईपीएल 2026 से पहले बड़ी चिंता की बात सामने आई है. टीम के युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा की चोट ने फैंस और टीम मैनेजमेंट दोनों को परेशान कर दिया है. हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें हर्षित बैसाखी के सहारे चलते दिख रहे हैं. इससे लग रहा है कि वे पूरे सीजन से बाहर हो सकते हैं.

चोट ने बढ़ाई KKR की टेंशन

हर्षित राणा पिछले कुछ महीनों से घुटने की चोट से जूझ रहे हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए वे टीम इंडिया में चुने गए थे, लेकिन वार्म-अप मैच में चोट लगने से बाहर हो गए. उनकी जगह मोहम्मद सिराज को टीम में लिया गया. उम्मीद थी कि सर्जरी के बाद वे आईपीएल तक फिट हो जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.

9 फरवरी को मुंबई में उनकी घुटने की सर्जरी हुई थी. डॉक्टरों ने कहा था कि रिकवरी में 2-3 महीने लग सकते हैं, लेकिन अब मार्च के मध्य में भी उनकी हालत ऐसी है कि वे ठीक से चल नहीं पा रहे.

BCCI नमन अवॉर्ड्स में वायरल वीडियो

रविवार को मुंबई में BCCI नमन अवॉर्ड्स का आयोजन हुआ. हर्षित भी वहां पहुंचे, जहां उन्हें बेस्ट इंटरनेशनल डेब्यू का अवॉर्ड मिलना था, लेकिन वीडियो में वे बैसाखी के सहारे चलते नजर आए. स्टेज पर जाने के लिए खुद नहीं उठ पाए, तो आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने खुद जाकर उन्हें सम्मानित किया. 

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया और KKR की चिंताएं और बढ़ गई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, हर्षित अब आईपीएल 2026 से बाहर हो चुके हैं. उनकी रिकवरी अभी पूरी नहीं हुई है और वे गेंदबाजी शुरू भी नहीं कर पाए है.

KKR के पेस अटैक पर बड़ा असर

KKR पहले ही मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर चुकी है. उनकी जगह ब्लेसिंग मुजरबानी को शामिल किया गया है. अब अगर हर्षित पूरे सीजन से बाहर रहते हैं, तो टीम का तेज गेंदबाजी विभाग काफी कमजोर हो जाएगा.

हर्षित पिछले सीजन में KKR के लिए अहम गेंदबाज थे और टीम की सफलता में उनका बड़ा योगदान था. टीम को अब एक और मजबूत रिप्लेसमेंट की तलाश करनी पड़ सकती है.

KKR का IPL 2026 में पहला मैच

आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से हो रहा है. पहला मैच डिफेंडिंग चैंपियन RCB और SRH के बीच होगा. KKR अपना पहला मैच 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगी. उसके बाद 2 अप्रैल को वे SRH से भिड़ेंगे. टीम को मजबूत शुरुआत के लिए फिट खिलाड़ियों की जरूरत है, लेकिन हर्षित की अनुपस्थिति एक बड़ा झटका साबित हो सकती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो