भारत-पाकिस्तान 19 सालों बाद खेलेंगे टेस्ट सीरीज? टी20 वर्ल्ड कप विवाद सुलझने के बाद आई बड़ी जानकारी

भारत-पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप मैच विवाद सुलझने के बाद एक बड़ी जानकारी सामने आई है. कहा जा रहा है कि टी20 वर्ल्ड कप के बाद भारत और पकिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज खेली जाएगी.

Sonee Srivastav

IND vs PAK: टी20 विश्व कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मैच का विवाद सुलझ गया है. पाकिस्तान सरकार ने 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले मैच के लिए हरी झंडी दे दी है. इस फैसले के कुछ घंटों बाद पूर्व इंग्लैंड कप्तान माइकल वॉन ने बड़ा सुझाव दिया है. उन्होंने कहा कि दोनों टीमों को जल्द टेस्ट सीरीज खेलनी चाहिए. 

माइकल वॉन का प्रस्ताव

वॉन ने एक्स पर पोस्ट किया और लिखा, "यह प्रतियोगिता और क्रिकेट के लिए बहुत अच्छा है. हमें भी उन्हें जल्द किसी तरह टेस्ट सीरीज खेलनी चाहिए. ब्रिटेन तीन मैचों की सीरीज की मेजबानी के लिए बेहतरीन जगह होगी."

यह सुझाव टी20 मैच के रास्ते साफ होने के तुरंत बाद आया. वॉन का मानना है कि तटस्थ जगह पर टेस्ट सीरीज क्रिकेट को मजबूत बनाएगी.

19 साल से नहीं खेली टेस्ट सीरीज

भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी टेस्ट सीरीज 2007 में हुई थी. तब पाकिस्तान ने भारत का दौरा किया और टेस्ट सीरीज 0-1 से हारी. 2004 से 2007 तक दोनों देशों ने लगातार द्विपक्षीय सीरीज खेली. 2004 में भारत ने पाकिस्तान का दौरा किया और दोनों फॉर्मेट में जीत हासिल की. 

2005 में पाकिस्तान ने भारत में वनडे 4-2 से जीती और टेस्ट 1-1 ड्रॉ रहा. 2006 में भारत ने पाकिस्तान में वनडे 4-1 से जीते, लेकिन टेस्ट 0-1 से हारे. उसके बाद 2012-13 के बाद कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं हुई. राजनीतिक तनाव के कारण दोनों बोर्ड एक-दूसरे के देश में खेलने से इनकार करते हैं.

दोनों देशों के बीच टेस्ट सीरीज की संभावना 

वॉन का सुझाव क्रिकेट फैंस को खुश कर रहा है, लेकिन हकीकत में टेस्ट सीरीज की संभावना बहुत कम है. आईसीसी द्विपक्षीय सीरीज पर फैसला नहीं ले सकती. दोनों सरकारों की मंजूरी जरूरी है, जो फिलहाल नहीं मिल रही.

पिछले साल पुलवामा और पहलगाम जैसे घटनाक्रमों के बाद संबंध और खराब हुए हैं. पीसीबी ने बांग्लादेश के साथ त्रिकोणीय सीरीज का प्रस्ताव दिया था, लेकिन आईसीसी ने कहा कि यह उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है.

क्रिकेट में बड़ा आकर्षण

भारत-पाकिस्तान मैच क्रिकेट का सबसे बड़ा मुकाबला है. राजस्व, टीआरपी और फैंस का जोश इसे खास बनाता है, लेकिन 2020 के बाद मैच दुर्लभ हो गए हैं. पिछले नौ सालों में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ सिर्फ तीन मैच जीते हैं, जिससे मुकाबला एकतरफा लगता है. फिर भी फैंस टेस्ट सीरीज की उम्मीद रखते हैं. वॉन का सुझाव अच्छा है, लेकिन राजनीति क्रिकेट के आगे आड़े आ रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag