शादी में पहुंचा 'जंगली' मेहमान, दूल्हे ने खिड़की से लगाई छलांग तो दुल्हन भागने लगी, उसके बाद जो हुआ...
लखनऊ के एक मैरिज हॉल में शादी समारोह के दौरान तेंदुआ घुस आया, जिससे दूल्हा-दुल्हन समेत सभी मेहमानों में अफरातफरी मच गई. वन विभाग की टीम ने रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तेंदुए को गुरुवार सुबह पकड़ लिया, लेकिन इस दौरान एक वन अधिकारी घायल हो गए.

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक चौंका देने वाली घटना सामने आई है. एक शादी समारोह के दौरान मैरिज हॉल में तेंदुआ घुस आया, जिसके चलते वहां अफरा-तफरी मच गई. दूल्हा-दुल्हन समेत सभी मेहमान अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद वन विभाग की टीम ने गुरुवार सुबह तेंदुए को पकड़ लिया.
खिड़की से कूदा दूल्हा, दुल्हन भागी
ये घटना लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र के एमएम मैरिज लॉन में हुई, जहां शादी का कार्यक्रम चल रहा था. बुधवार रात करीब 10:30 बजे एक मेहमान ने दूसरी मंजिल पर तेंदुए को देखा और डरकर कूद गया, जिससे वो घायल हो गया. इसके बाद शादी में मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे. जहां दुल्हन अपने भारी-भरकम लहंगे में सहेलियों के साथ भाग गई तो वहीं, दूल्हा घबराकर मैरिज हॉल की खिड़की से कूद गया.
रेस्क्यू ऑपरेशन में वन अधिकारी घायल
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को पकड़ने का प्रयास करने लगी. इस टीम में डीएफओ सीतांशु पांडे और रेंज ऑफिसर मुकद्दर अली भी शामिल थे. रेस्क्यू के दौरान तेंदुए ने वन अधिकारी मुकद्दर अली पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए. रातभर चले ऑपरेशन के बाद गुरुवार सुबह 4 बजे तेंदुए को पकड़ लिया गया. घायल अधिकारी मुकद्दर अली का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है.
इलाके में जंगली जानवरों का आतंक
बता दें कि इससे पहले लखनऊ के मलीहाबाद क्षेत्र के रहमनखेड़ा में एक बाघ को देखा गया था. पिछले एक महीने में कई बार बाघ की मौजूदगी दर्ज की गई. वन विभाग उसे पकड़ने की कोशिश कर रहा है, लेकिन अब तक सफल नहीं हुआ. अब इस नए तेंदुए की घटना से इलाके के लोग और ज्यादा डरे हुए हैं.


