मान सरकार की नई इंडस्ट्रियल पॉलिसी से पंजाब में निवेश और रोजगार का नया दौर शुरू, लाखों युवाओं को मिलेगा रोजगार
पंजाब सरकार की नई औद्योगिक नीति के जरिए निवेश बढ़ाने, उद्योगों को प्रोत्साहन देने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने की कोशिश की गई है.

पंजाब में पिछले कुछ वर्षों से उद्योगों के दूसरे राज्यों में जाने, बेरोज़गारी बढ़ने और आर्थिक गतिविधियों के धीमे पड़ने को लेकर लगातार चिंता जताई जाती रही है. ऐसे माहौल में अब राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति को एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है. मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई वाली सरकार ने इस नीति के जरिए राज्य में निवेश बढ़ाने और रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में एक व्यापक योजना पेश की है. सरकार का दावा है कि यह नीति पंजाब की अर्थव्यवस्था को दोबारा मजबूत बनाने की आधारशिला साबित हो सकती है.
राज्य सरकार ने नई औद्योगिक नीति की तैयार
पिछले कुछ समय में कई उद्योगों ने पंजाब से बाहर जाकर अन्य राज्यों में निवेश करना शुरू कर दिया था. इसकी एक बड़ी वजह यह थी कि दूसरे राज्यों में उद्योगों को ज्यादा सुविधाएं और आकर्षक प्रोत्साहन मिल रहे थे. इसके अलावा निवेशकों के बीच सुरक्षा, नीतिगत स्पष्टता और प्रतिस्पर्धा को लेकर भी कुछ आशंकाएं थीं. अब राज्य सरकार ने इन चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए एक नई औद्योगिक नीति तैयार की है, जिसका उद्देश्य निवेशकों का भरोसा फिर से जीतना है.
नई नीति की सबसे अहम विशेषता यह है कि इसमें उद्योगपतियों को अपनी जरूरत के हिसाब से प्रोत्साहन चुनने की सुविधा दी गई है. यानी अब निवेशक यह तय कर सकेंगे कि उनके प्रोजेक्ट के लिए कौन-कौन सी सरकारी सुविधाएं सबसे ज्यादा फायदेमंद होंगी. इससे उद्योगों को अपने व्यापार मॉडल के अनुसार योजनाएं बनाने में आसानी होगी और निवेश का माहौल भी बेहतर बनेगा.
सरकार ने पूंजी निवेश को बढ़ावा देने के लिए सीधी सब्सिडी का प्रावधान भी किया है. यदि कोई उद्योग राज्य में बड़ा प्लांट लगाने की योजना बनाता है, तो सरकार शुरुआती पूंजी निवेश में मदद कर सकती है. इससे उद्योगपतियों का जोखिम कम होगा और बड़े निवेशकों को पंजाब में उद्योग लगाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा.
नई औद्योगिक नीति की एक और खास बात यह है कि इसका लाभ केवल नए उद्योगों को ही नहीं बल्कि पहले से काम कर रहे उद्योगों को भी मिलेगा. अगर कोई पुराना उद्योग अपनी मशीनों को आधुनिक बनाना चाहता है, उत्पादन क्षमता बढ़ाना चाहता है या नई उत्पादन इकाई शुरू करना चाहता है तो उसे भी सरकार की तरफ से प्रोत्साहन दिया जाएगा. इससे राज्य के पुराने उद्योगों को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है.
इस फैसले से पंजाब के प्रमुख औद्योगिक शहर जैसे लुधियाना, जालंधर, मंडी गोबिंदगढ़ और बटाला के हजारों छोटे और मध्यम उद्योगों को सीधा फायदा मिल सकता है. इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में ऐसे उद्योग हैं जो राज्य की अर्थव्यवस्था और रोजगार के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं.
सामाजिक समावेशन पर विशेष ध्यान
सरकार ने इस नीति में सामाजिक समावेशन पर भी विशेष ध्यान दिया है. अगर उद्योगों में महिलाओं, अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों या दिव्यांग व्यक्तियों को रोजगार दिया जाता है तो ऐसे उद्योगों को अतिरिक्त प्रोत्साहन दिया जाएगा. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि औद्योगिक विकास के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों को भी समान अवसर मिल सकें.
छोटे और मध्यम उद्योगों को ध्यान में रखते हुए भी कई अहम फैसले लिए गए हैं. रोजगार सृजन से जुड़ी सब्सिडी के लिए न्यूनतम निवेश सीमा को कम कर दिया गया है, जिससे छोटे उद्योगों के लिए भी सरकारी सहायता प्राप्त करना आसान हो जाएगा. इससे राज्य में नए छोटे उद्योग शुरू होने की संभावना भी बढ़ेगी.
सीमावर्ती जिलों के विकास को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं. पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, फिरोजपुर और फाजिल्का जैसे इलाकों में उद्योग लगाने वालों को अतिरिक्त प्रोत्साहन दिया जाएगा. सरकार को उम्मीद है कि इससे इन क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे.
इस नीति का एक महत्वपूर्ण पहलू इसकी लंबी अवधि भी है. जहां कई राज्यों में औद्योगिक प्रोत्साहन सीमित समय के लिए दिए जाते हैं. वहीं, पंजाब सरकार ने इसे 15 वर्षों तक लागू रखने का फैसला किया है. इससे बड़े और दीर्घकालिक निवेश को आकर्षित करने में मदद मिल सकती है.
सरकार का क्या कहना है?
सरकार का कहना है कि इस नई नीति के जरिए पंजाब को दोबारा देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों में शामिल करने की दिशा में काम किया जा रहा है. यदि निवेश लगातार बढ़ता है और उद्योगों का विस्तार होता है तो राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और पंजाब की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी.


