बिहार में पेंशनधारियों को बड़ा तोहफा! नीतीश सरकार ने किया बड़ा ऐलान, पेंशन में 700 रुपये की बढ़ोतरी
बिहार की नीतीश सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ा सामाजिक फैसला लेते हुए करोड़ों बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को बड़ी राहत दी है. राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि को 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रति माह कर दिया है. बिहार की नीतीश सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ा सामाजिक फैसला लेते हुए करोड़ों बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को बड़ी राहत दी है.

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ा और जनकल्याणकारी फैसला लिया है. राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत अब वृद्धजन, दिव्यांगजन और विधवा महिलाओं को हर महीने 1100 रुपये पेंशन दी जाएगी. पहले यह राशि मात्र 400 रुपये थी, जिसे अब सीधा 700 रुपये बढ़ा दिया गया है.
मुख्यमंत्री ने इस फैसले की जानकारी खुद शनिवार को अपने X (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर साझा की. उन्होंने इसे समाज के कमजोर वर्गों के सम्मान और जीवन यापन के लिए एक जरूरी कदम बताया. यह फैसला न केवल महिलाओं और बुजुर्गों को राहत देगा, बल्कि राज्य में करीब 2 करोड़ से अधिक लोगों को सीधे लाभ पहुंचाएगा.
अब हर महीने 1100 रुपये की पेंशन
बिहार सरकार की ओर से चलाई जा रही सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत अब सभी पात्र वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवाओं को 400 की जगह 1100 रुपये मासिक पेंशन मिलेगी. यह बढ़ी हुई राशि 10 जुलाई से लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी.नीतीश कुमार ने कहा, "वृद्धजन समाज का अनमोल हिस्सा हैं. उनका सम्मानजनक जीवन यापन सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयत्नशील रहेगी."
करीब 1.9 करोड़ से ज्यादा लोगों को मिलेगा फायदा
राज्य सरकार के इस फैसले से 1 करोड़ 90 लाख 69 हजार 255 लाभार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा. इनमें वृद्धजन, दिव्यांग और विधवा महिलाएं शामिल हैं. लंबे समय से इस बात की चर्चा थी कि सरकार पेंशन राशि में वृद्धि कर सकती है और अब चुनावी माहौल में इस फैसले को एक मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है.
50 लाख के करीब लाभार्थी
बिहार में वृद्धजन पेंशन योजना के लाभार्थियों की संख्या अब लगभग 49,56,103 पहुंच गई है. यह योजना सभी वर्गों के लिए लागू है और यदि कोई व्यक्ति 60 वर्ष का हो चुका है तथा किसी भी अन्य स्रोत से पेंशन प्राप्त नहीं कर रहा, तो वह इस योजना का लाभ ले सकता है. 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के लाभार्थियों को अभी तक 500 रुपये मासिक पेंशन मिल रही है. अब वे भी 1100 रुपये की बढ़ी हुई राशि के पात्र होंगे.
अब हर माह 1100 रुपये
राज्य में दिव्यांगजनों को 'बिहार राज्य विकलांगता पेंशन योजना' के तहत हर महीने 400 रुपये पेंशन दी जाती थी. इनकी संख्या 9,64,220 है. हाल ही में इनके खातों में 3,86,89,500 रुपये डीबीटी के माध्यम से भेजे गए. अब जुलाई से इन सभी लाभार्थियों को 1100 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलेगी.
लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा योजना
राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत विधवाओं को अभी तक 400 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाती थी. योजना के तहत लाभार्थियों की संख्या 8,63,076 है. अब इन सभी महिलाओं को भी जुलाई से 1100 रुपये मासिक पेंशन मिलेगी, जो उनकी आर्थिक स्थिति को काफी राहत देगी.
डीबीटी के माध्यम से सीधा लाभ
हाल ही में मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में नीतीश कुमार ने वृद्धजन पेंशन योजना के लाभार्थियों के खातों में 207 करोड़ 15 लाख 70 हजार 700 रुपये सीधे डीबीटी के जरिए ट्रांसफर किए थे. यह पारदर्शी और लाभार्थी केंद्रित प्रणाली राज्य सरकार की जवाबदेही और नीतिगत गंभीरता को दर्शाती है.


