ओडिशा बंद से जनजीवन ठप, हाईवे पर घंटों जाम, गूंजे 'न्याय दो' के नारे

ओडिशा में बुधवार को उस वक्त हालात तनावपूर्ण हो गए जब एक छात्रा की रहस्यमयी मौत के विरोध में कांग्रेस समेत आठ विपक्षी दलों ने राज्यव्यापी बंद का ऐलान किया. सुबह से ही सड़कें जाम हो गईं, बाजारों के शटर डाउन हो गए और स्कूल-कॉलेज बंद नजर आए.

Deeksha Parmar
Edited By: Deeksha Parmar

ओडिशा में सोमवार को विपक्षी दलों द्वारा आहूत 12 घंटे के बंद का व्यापक असर देखने को मिला। बालासोर में एक छात्रा द्वारा कथित यौन उत्पीड़न के बाद आत्मदाह करने की घटना और उसकी मौत के विरोध में कांग्रेस समेत आठ विपक्षी दलों ने राज्यव्यापी बंद का आयोजन किया। इस बंद से न केवल जनजीवन प्रभावित हुआ, बल्कि कोलकाता-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग पर घंटों तक लंबा जाम भी लग गया.

भुवनेश्वर, कटक समेत राज्य के अन्य शहरों में दुकानें, बाजार, शैक्षणिक संस्थान और सार्वजनिक परिवहन सेवाएं ठप रहीं। जगह-जगह विरोध प्रदर्शन और रास्ता जाम की वजह से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। हालांकि, आवश्यक सेवाओं को बंद से बाहर रखा गया.

चेन्नई-कोलकाता हाईवे पर भारी जाम

दिनभर चले बंद के कारण कोलकाता-चेन्नई हाईवे पर ट्रकों और अन्य वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारियों द्वारा सड़कों पर बैठने और मार्ग अवरुद्ध करने से कई घंटों तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। ट्रकों के साथ-साथ राज्य के विभिन्न हिस्सों में बसों का संचालन भी बाधित हुआ, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

भुवनेश्वर और कटक की सड़कें रहीं सुनसान

राज्य की राजधानी भुवनेश्वर, कटक, पुरी, भद्रक और जटनी जैसे शहरों में भी बंद का खासा असर देखा गया। सड़कों पर सामान्य यातायात नाममात्र का रहा और ट्रेन सेवाएं भी कई जगहों पर प्रभावित हुईं। कार्यकर्ता सुबह 6 बजे से ही सड़कों पर उतर आए और जगह-जगह प्रदर्शन शुरू कर दिया.

बाजार, स्कूल और ऑफिस रहे बंद

बंद के दौरान अधिकतर व्यावसायिक प्रतिष्ठान, स्कूल-कॉलेज, निजी दफ्तर और बैंक शाखाएं बंद रहीं। राजधानी में प्रदर्शनकारियों ने कई प्रमुख सड़कों पर नारेबाजी करते हुए यातायात रोक दिया। उन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ तीखे नारे लगाए और पीड़ित छात्रा के लिए न्याय की मांग की.

विपक्षी दलों ने एकजुट होकर किया प्रदर्शन

कांग्रेस, सीपीआई, सीपीएम, सीपीआई (एमएल), फॉरवर्ड ब्लॉक, आरजेडी, समाजवादी पार्टी और एनसीपी जैसे दलों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और हाथों में झंडे लेकर बंद को सफल बनाने की कोशिश की। कांग्रेस विधायक दल के नेता राम चंद्र कदम ने कहा कि हम लोगों से बंद का समर्थन करने के लिए कह रहे हैं क्योंकि ओडिशा में भाजपा की सरकार बनने के बाद से महिलाओं की सुरक्षा नहीं रही है। राज्य में हर दिन 15 महिलाओं और लड़कियों के साथ बलात्कार होता है और सरकार ऐसी घटनाओं को रोकने में पूरी तरह विफल रही है.”

आवश्यक सेवाओं को बंद से राहत

राज्य सरकार ने बंद के दौरान एंबुलेंस, मेडिकल सुविधाएं, दवा की दुकानें और दूध पार्लरों जैसी आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा। साथ ही सरकारी कर्मचारियों को कार्यालय समय से पहले पहुंचने के निर्देश जारी किए गए थे.

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

संभावित उपद्रव को देखते हुए भुवनेश्वर, कटक और अन्य शहरों में पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए। अधिकारी ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag