रायपुर: भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में 26 जनवरी से हाथ जोड़ो यात्रा, घर-घर जाएंगे कांग्रेसी

छत्तीसगढ़ में भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर कांग्रेस हाथ जोड़ो यात्रा निकालने जा रही है। इस यात्रा की शुरुआत 26 जनवरी से होगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो पदयात्रा ने 94 दिन पूरा कर लिया है

Janbhawana Times
Janbhawana Times

रायपुर, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ में भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर कांग्रेस हाथ जोड़ो यात्रा निकालने जा रही है। इस यात्रा की शुरुआत 26 जनवरी से होगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो पदयात्रा ने 94 दिन पूरा कर लिया है। वहीं अब भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्य को जनता तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस पार्टी हाथ जोड़ो यात्रा देश भर में निकालेगी।

जानकारी के अनुसार प्रदेश में भी हाथ जोड़ो यात्रा हर विधानसभा तक जाएगी। जिसके माध्यम से देश की एकता अखंडता का संदेश दिया जायेगा। बता दें हाथ जोड़ो यात्रा के माध्यम से कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे। यह हाथ जोड़ो अभियान सभी विधानसभा से शुरू होकर बूथों तक जाएगी, हर जिलों में अधिवेशन होगा और समापन में बड़ी रैली राज्य स्तर पर होगी।

वहीं प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने बताया कि राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो यात्रा से देश के आम आदमी की समस्याओं को आवाज दे रहे है। देश में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्या, सामाजिक वैमनस्यता के खिलाफ देश की जनता में जनजागरण पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से लेकर राजस्थान तक भारत के जनमन में रच बस गई है।

पूरा भारत अपनी तकलीफों के निदान को लेकर एकजुट हो गया है। देश के लोगो में भारत जोड़ो यात्रा उम्मीद की नई किरण जगा रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी प्रेम, उम्मीद और सद्भावना के नए बीज बोते चल रहे है और देश की जनता भी राहुल गांधी की पदयात्रा को हाथों हाथ ले रही है।

राहुल गांधी की इस पदयात्रा से विघटनकारी ताकतों के हौसले पस्त हुए है। यह देश के लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है कि अराजक तत्व भारत की अनेकता में एकता के मूल मंत्र के सामने घुटने टेकने को विवश हुए है। राहुल गांधी की यात्रा की यह बड़ी सफलता है।

केंद्र सरकार पर साधा निशाना -

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने केंद्र सरकार को निशाना साधते हुए कहा कि बीते आठ साल से अंग्रेजों की फूट डालो और राज करो की नीति पर भाजपा काम कर रही है। धर्म से धर्म और जात से जात को लड़ाने का बार-बार षड़यंत्र किया जा रहा है। देश की गंगा जमुनी तहजीब को खंडित किया जा रहा है। असहमति के अधिकार का भी हनन किया गया है।

calender
11 December 2022, 02:13 PM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो