असम में दर्दनाक हादसा: राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आया हाथियों का झुंड, 8 की मौत; इंजन सहित 5 डिब्बे पटरी से उतरे

असम के जंगलों में एक दिल दहला देने वाला हादसा. सैरांग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस अचानक हाथियों के झुंड से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई हाथी बुरी तरह घायल हो गए या उनकी जान चली गई और ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

असम:  असम में एक बार फिर बड़ा रेल हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी. ट्रेन संख्या 20507 डीएन सैरांग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हाथियों के एक झुंड से टकरा गई, जिससे ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि पटरियों पर हाथियों के शव बिखर गए.

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में ट्रेन में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं आई. स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह आठ हाथियों का झुंड था, जिसमें से अधिकांश की मौत हो गई है. यह घटना ऐसे स्थान पर हुई, जहां हाथियों का कोई घोषित गलियारा नहीं है.

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, लोको पायलट ने ट्रैक पर हाथियों के झुंड को देखकर तुरंत ब्रेक लगाए, लेकिन ट्रेन की रफ्तार ज्यादा होने के कारण टक्कर नहीं टल सकी. देखते ही देखते राजधानी एक्सप्रेस हाथियों से टकरा गई और बड़ा हादसा हो गया.

रेल पटरी पर बिखरे हाथियों के शव

यह दुर्घटना पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के लुमडिंग डिवीजन में हुई. हादसे की जगह गुवाहाटी से करीब 126 किलोमीटर दूर बताई जा रही है. दुर्घटना के बाद रेलवे अधिकारी और रेस्क्यू ट्रेन मौके के लिए रवाना हो गईं. वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, इस हादसे में 8 हाथियों की मौत हुई है, जबकि एक हाथी का छोटा बच्चा घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है.

असम और पूर्वोत्तर की रेल सेवाएं प्रभावित

पटरी से ट्रेन के उतरने और पटरियों पर हाथियों के शव पड़े होने के कारण ऊपरी असम और पूर्वोत्तर के अन्य हिस्सों के लिए रेल सेवाएं फिलहाल बंद कर दी गई हैं. इसके चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

असम जाने वाली ट्रेनें डायवर्ट

सूत्रों के मुताबिक, हादसे के बाद इस डिवीजन से गुजरने वाली ट्रेनों को यूपी लाइन के जरिए डायवर्ट किया जा रहा है. मौके पर रेलवे की टीमें पटरी की मरम्मत में जुटी हुई हैं, ताकि जल्द से जल्द रेल परिचालन बहाल किया जा सके.

गुवाहाटी भेजी गई दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन के यात्रियों को अस्थायी तौर पर अन्य डिब्बों में उपलब्ध खाली बर्थों पर समायोजित किया गया. प्रभावित डिब्बों को अलग करने के बाद ट्रेन को गुवाहाटी के लिए रवाना कर दिया गया है. गुवाहाटी पहुंचने के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे, जिसके बाद राजधानी एक्सप्रेस अपनी आगे की यात्रा फिर से शुरू करेगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag