अब ओला, उबर को कहिए बाय-बाय, सरकार जल्द लॉन्च करेगी भारत टैक्सी सर्विस, जानें क्या होंगे फायदे

दिल्ली में 1 जनवरी 2026 से केंद्र सरकार की ‘भारत टैक्सी’ सेवा शुरू होगी. मोबाइल ऐप से सस्ती राइड बुक होगी, ड्राइवर्स को 80% से ज्यादा कमाई मिलेगी. यह Ola-Uber को चुनौती देते हुए शहरी परिवहन को किफायती और पारदर्शी बनाएगी.

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

नई दिल्लीः दिल्ली में रहने वाले लोगों और हजारों टैक्सी ड्राइवर्स के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है. राजधानी में जल्द ही एक नई सरकारी टैक्सी सेवा की शुरुआत होने जा रही है, जो न सिर्फ यात्रियों के सफर को सस्ता और सुविधाजनक बनाएगी, बल्कि ड्राइवर्स की आमदनी बढ़ाने में भी मदद करेगी. केंद्र सरकार के सहकार मंत्रालय की पहल पर ‘भारत टैक्सी’ (Bharat Taxi) नाम से यह सेवा 1 जनवरी 2026 से दिल्ली में शुरू की जाएगी.

नए साल से मिलेगी सरकारी टैक्सी की सुविधा

नए साल के पहले दिन यानी 1 जनवरी 2026 से दिल्लीवासी अपने मोबाइल फोन में Bharat Taxi App डाउनलोड कर आसानी से राइड बुक कर सकेंगे. सरकार का उद्देश्य इस सेवा के जरिए देश के बड़े महानगरों में यातायात को अधिक सुगम, सुरक्षित और किफायती बनाना है. दिल्ली के बाद इस सेवा को गुजरात के राजकोट में भी शुरू किया जाएगा, जिसके बाद इसे चरणबद्ध तरीके से अन्य शहरों में लागू करने की योजना है.

निजी कैब कंपनियों को मिलेगी कड़ी चुनौती

भारत टैक्सी की एंट्री से Ola, Uber और Rapido जैसी निजी टैक्सी एग्रीगेटर कंपनियों को सीधी चुनौती मिलने की संभावना है. जहां निजी कंपनियां अक्सर ज्यादा किराया और भारी कमीशन के कारण चर्चा में रहती हैं, वहीं भारत टैक्सी को कम किराया और पारदर्शी व्यवस्था के साथ पेश किया जा रहा है. इससे यात्रियों को एक भरोसेमंद और सस्ता विकल्प मिलेगा.

यात्रियों के लिए सस्ती राइड

भारत टैक्सी को खासतौर पर इस तरह डिजाइन किया गया है कि यात्रियों को कम किराए में बेहतर सेवा मिल सके. इसके साथ ही ड्राइवर्स की कमाई पर भी खास ध्यान दिया गया है. निजी कंपनियों के विपरीत, जहां ड्राइवर्स से मोटा कमीशन वसूला जाता है, भारत टैक्सी में ड्राइवर्स को उनकी कमाई का 80 प्रतिशत से अधिक हिस्सा सीधे मिलेगा.

बाकी की लगभग 20 प्रतिशत राशि का उपयोग सेवा संचालन, तकनीकी सुधार और ड्राइवर्स के कल्याण पर किया जाएगा. इससे ड्राइवर्स को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और वे बिना दबाव के काम कर सकेंगे.

हजारों ड्राइवर्स ने कराया रजिस्ट्रेशन

दिल्ली में भारत टैक्सी को लेकर ड्राइवर्स के बीच भी जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. अब तक राजधानी में 56,000 से ज्यादा ड्राइवर्स इस सेवा के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं. इससे साफ है कि ड्राइवर्स इस मॉडल को अपने लिए फायदेमंद मान रहे हैं.

कैब के साथ ऑटो और बाइक का भी विकल्प

भारत टैक्सी की एक बड़ी खासियत यह है कि इसमें सिर्फ कार ही नहीं, बल्कि ऑटो और बाइक टैक्सी के विकल्प भी उपलब्ध होंगे. इससे छोटे सफर करने वाले यात्रियों को भी सस्ती और तेज सुविधा मिलेगी. फिलहाल इस सेवा का ट्रायल दिल्ली और राजकोट में किया जा चुका है, जिसे सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है.

यातायात व्यवस्था में आएगा बड़ा बदलाव

सरकारी निगरानी में चलने वाली भारत टैक्सी सेवा से न केवल किराए में पारदर्शिता आएगी, बल्कि शहरी परिवहन व्यवस्था भी अधिक व्यवस्थित होगी. यह पहल यात्रियों, ड्राइवर्स और सरकार तीनों के लिए फायदे का सौदा साबित हो सकती है. आने वाले समय में भारत टैक्सी शहरी परिवहन की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभा सकती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag