Starlink की दस्तक से दहलेगा डेटा बाज़ार, सरकार से मिल रही है उड़ान की हरी झंडी!
एलन मस्क की कंपनी Starlink भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा शुरू करने के बेहद करीब पहुंच गई है। सरकार से जरूरी मंजूरी मिलते ही अब गांव-गांव में आसमान से तूफानी इंटरनेट की पहुंच बनना तय माना जा रहा है।

Tech News: भारत के उन करोड़ों लोगों के लिए यह खबर किसी उम्मीद की किरण से कम नहीं, जो अब तक इंटरनेट की दुनिया से कटे हुए थे. एलन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट कंपनी Starlink अब भारत की डिजिटल क्रांति में शामिल होने जा रही है. केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने साफ कहा है कि Starlink जल्द ही भारत में अपनी सेवाएं शुरू कर सकती है. यानी अब यह लॉन्चिंग सिर्फ कुछ कागजी औपचारिकताओं की दूरी पर है.
लाइसेंस की दौड़ और आखिरी मोड़
Starlink को भारत में सेवाएं शुरू करने के लिए GMPCS (Global Mobile Personal Communication by Satellite) लाइसेंस का इंतजार है. कंपनी को पहले ही लेटर ऑफ इंटेंट मिल चुका है. जैसे ही GMPCS लाइसेंस मिलेगा, वैसे ही Starlink को IN-SPACe (Indian National Space Promotion and Authorization Center) से आखिरी मंज़ूरी भी लेनी होगी. इन दोनों मंज़ूरियों के बाद आसमान से इंटरनेट की बारिश शुरू हो सकती है.
कौन है मुकाबले में?
Starlink की रेस आसान नहीं है. पहले ही OneWeb और Reliance Jio सैटेलाइट कनेक्टिविटी के लिए लाइसेंस हासिल कर चुके हैं. वहीं Amazon का प्रोजेक्ट Kuiper भी इसी दौड़ में है. लेकिन Starlink की खासियत है इसका लो लेटेंसी और तेज़ इंटरनेट, जो ऐसे इलाकों में पहुंचेगा जहां अब तक मोबाइल टावर भी नहीं हैं.
कीमत पर वार, गांव तक विस्तार
Starlink भारत में अपनी पकड़ बनाने के लिए आक्रामक रणनीति अपना रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसका प्रमोशनल डेटा प्लान सिर्फ 10 डॉलर (करीब 840 रुपये) से शुरू होगा. यानी वो गांव जहां अब तक 2G भी नहीं था, वहां अब 100Mbps की स्पीड में इंटरनेट मिलेगा. इसका सीधा असर बाकी कंपनियों पर भी पड़ेगा—OneWeb, Reliance और Amazon जैसी कंपनियों को भी कम कीमत में प्लान देने होंगे.
इंटरनेट नहीं, अब अधिकार बनेगा
Starlink की एंट्री सिर्फ एक तकनीकी सर्विस नहीं है, ये डिजिटल इंडिया की उस तस्वीर को पूरा करने जा रही है जिसमें हर नागरिक को इंटरनेट का "मूलभूत अधिकार" माना गया है. जो गांव अब तक दुनिया से कटे हुए थे, वहां अब ऑनलाइन पढ़ाई, टेलीमेडिसिन, डिजिटल बैंकिंग और रोजगार के अवसर खुलेंगे. Starlink अब भारत के डिजिटल नक्शे को नए सिरे से गढ़ने की तैयारी में है—और ये इतिहास बनते देखने का वक्त है।


