iPhone यूजर्स को iOS 27 में मिलेगा अब तक का सबसे स्मार्ट Siri, ChatGPT को देगा टक्कर?
iOS 27 के साथ Apple Siri में बड़ा बदलाव लाने की तैयारी कर रहा है. नया Siri पहले से ज्यादा स्मार्ट, इंटरैक्टिव और AI-आधारित हो सकता है, जिससे iPhone यूजर्स का अनुभव पूरी तरह बदलने की उम्मीद है.

iPhone इस्तेमाल करने वालों के लिए आने वाला समय काफी दिलचस्प हो सकता है. ऐपल अपने वर्चुअल असिस्टेंट सिरी को पूरी तरह नए रूप में पेश करने की तैयारी कर रहा है. माना जा रहा है कि iOS 27 के साथ सिरी सिर्फ दिखने में ही नहीं, बल्कि काम करने के तरीके में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. खास बात यह है कि इस बार सिरी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल पहले से कहीं ज्यादा बेहतर और एडवांस हो सकता है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, ऐपल अपने सालाना इवेंट WWDC 2026 में नए सिरी का पहला प्रीव्यू पेश कर सकता है. यह इवेंट 8 जून से 12 जून के बीच आयोजित होगा, जिसमें कंपनी अपने नए सॉफ्टवेयर अपडेट्स का खुलासा करती है. टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस बार सिरी को ऐपल अपने सबसे बड़े अपडेट के तौर पर पेश कर सकता है, जिससे यूजर्स का एक्सपीरियंस पूरी तरह बदल सकता है.
नया डिजाइन और ग्लोइंग इंटरफेस
बताया जा रहा है कि सिरी का नया इंटरफेस काफी आकर्षक होगा. इसमें एक खास तरह का ग्लोइंग इफेक्ट देखने को मिल सकता है, जो खासकर डार्क मोड में और ज्यादा प्रभावशाली लगेगा. यह बदलाव सिर्फ देखने में अच्छा नहीं होगा, बल्कि यूजर को यह महसूस कराएगा कि वह एक स्मार्ट और एडवांस सिस्टम के साथ इंटरैक्ट कर रहा है.
Dynamic Island के साथ इंटीग्रेशन
इस बार सिरी को iPhone के Dynamic Island फीचर के साथ जोड़ा जा सकता है. जब यूजर सिरी को एक्टिव करेगा, तो Dynamic Island का हिस्सा बड़ा होकर एक इंटरैक्टिव पैनल में बदल सकता है. इसमें ‘सर्च या पूछें’ जैसा मैसेज दिखाई दे सकता है और साथ में एक एनिमेटेड कर्सर भी नजर आ सकता है. इससे सिरी का इस्तेमाल पहले के मुकाबले ज्यादा आसान और मजेदार हो जाएगा.
ऐपल एक नया स्टैंडअलोन सिरी ऐप भी लॉन्च कर सकता है. इस ऐप में यूजर्स अपनी पिछली बातचीत को देख सकेंगे, जिससे उन्हें पुराने सवाल और जवाब याद रखने में मदद मिलेगी. इसके अलावा, सिरी और स्पॉटलाइट सर्च के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिल सकता है, जिससे जानकारी ढूंढना और भी आसान हो जाएगा.
AI फीचर्स में बड़ा सुधार
iOS 27 के साथ सिरी को AI के मामले में भी काफी अपग्रेड किया जा सकता है. अब यह केवल छोटे-छोटे सवालों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यूजर के साथ लंबी बातचीत भी कर सकेगा. यूजर एक साथ कई सवाल पूछ पाएंगे और सिरी उन्हें समझकर सही जवाब देगा. इसके अलावा, यह यूजर की पसंद और आदतों को समझकर ज्यादा पर्सनल जवाब दे सकता है. सिरी की ऑन-स्क्रीन कंटेंट को समझने की क्षमता भी बेहतर हो सकती है, जिससे वह स्क्रीन पर मौजूद जानकारी के आधार पर मदद कर सकेगा.
गूगल जेमिनी AI का संभावित उपयोग
कुछ रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया है कि ऐपल गूगल के जेमिनी AI का इस्तेमाल कर सकता है. हाल ही में दोनों कंपनियों के बीच हुई साझेदारी के बाद यह संभावना और मजबूत हो गई है. अगर ऐसा होता है, तो सिरी की क्षमताएं और भी बढ़ सकती हैं और यह दूसरे AI चैटबॉट्स को कड़ी टक्कर दे सकता है.
अगर ये सभी अपडेट्स सच साबित होते हैं, तो iPhone यूजर्स के लिए सिरी का अनुभव पूरी तरह बदल जाएगा. यह सिर्फ एक वॉइस असिस्टेंट नहीं रहेगा, बल्कि एक स्मार्ट साथी की तरह काम करेगा, जो यूजर की जरूरतों को बेहतर तरीके से समझेगा.


