ब्राजील में तूफान के कहर के आगे नहीं टिक सकी स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की रेप्लिका, सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
ब्राजील के दक्षिणी इलाके में आए तेज तूफान से स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की विशाल रेप्लिका गिर गई. यह घटना बीते दिन सोमवार को हुई.

ब्राजील के दक्षिणी इलाके में आए तेज तूफान ने बड़ी तबाही मचाई है. रियो ग्रांडे डो सुल राज्य के गुआइबा शहर में हावन स्टोर के बाहर लगी स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की विशाल रेप्लिका तेज हवाओं से गिर गई. यह घटना सोमवार 15 दिसंबर 2025 को हुई, जब इलाके में 90 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार वाली हवाएं चलीं.
स्टैच्यू गिरने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें प्रतिमा धीरे-धीरे झुकती और फिर पार्किंग में गिरती दिख रही है.
घटना का विवरण
यह रेप्लिका हावन कंपनी की मेगास्टोर के सामने लगी थी, जो 24 मीटर ऊंची थी और 11 मीटर के मजबूत बेस पर खड़ी थी. तूफान में सिर्फ ऊपरी हिस्सा गिरा, जबकि बेस अपनी जगह पर बना रहा. वीडियो में साफ दिखता है कि हवाएं इतनी तेज थीं कि प्रतिमा पहले आगे झुकी और फिर पूरी तरह जमीन पर आ गिरी. अच्छी बात यह रही कि पार्किंग खाली थी और आसपास के लोग पहले ही सुरक्षित जगह पर चले गए थे.
🚨#BREAKING: Watch wild footage as a replica of the Statue of Liberty topples over after being battered by powerful winds. The dramatic collapse unfolded in Guaíba, Brazil as severe weather swept through the area, sending the towering structure crashing to the ground and… pic.twitter.com/jHUw5rqLNj
— R A W S A L E R T S (@rawsalerts) December 15, 2025
बड़ा हादसा टला
घटना के समय स्टोर के कर्मचारियों और मौजूद लोगों ने फौरन गाड़ियां हटा लीं, जिससे कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ. गुआइबा के मेयर मार्सेलो मारानाटा ने सोशल मीडिया पर इसकी पुष्टि की और कहा कि तेज हवाओं से प्रतिमा गिरी, लेकिन किसी को चोट नहीं आई. उन्होंने कर्मचारियों की तारीफ भी की, जिन्होंने जल्दी कार्रवाई कर इलाके को सुरक्षित बनाया.
कंपनी का बयान
हावन कंपनी ने बयान जारी कर कहा कि घटना के बाद तुरंत इलाके को बंद कर सुरक्षा नियमों का पालन किया गया. प्रतिमा इंजीनियरिंग मानकों के अनुसार बनी थी और 2020 में लगाई गई थी. अब कंपनी आंतरिक जांच कर रही है कि इतनी तेज हवाओं में यह क्यों नहीं टिकी. कुछ घंटों में मलबा हटाकर स्टोर फिर खोल दिया गया.
पहले से तूफान की दी गई थी चेतावनी
नागरिक सुरक्षा विभाग ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिए थे, जो साइलेंट मोड वाले फोन पर भी पहुंचे. लोगों को तेज हवाओं और गिरने वाली चीजों से बचने की सलाह दी गई थी. मौसम विभाग के अनुसार, कम दबाव के कारण घने बादल और अचानक हवाएं चलीं. राज्य के दूसरे इलाकों में भी ओले, छत उड़ने और बाढ़ जैसे नुकसान हुए.


