गुड फ्राइडे पर सोने के दामों में भारी गिरावट! 10 ग्राम सस्ता हुआ सोना, चांदी भी टूटकर गिरी
आज गुड फ्राइडे के मौके पर आपके लिए गुड न्यूज़ सामने आई है. दरअसल देश के सराफा बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है. जानिए अपने राज्य की ताजा कीमत.

नई दिल्ली: गुड फ्राइडे के मौके पर देश के सराफा बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है. 3 अप्रैल 2026 की सुबह दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 1,49,110 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया. मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद जैसे शहरों में भी 24 कैरेट सोना 1,48,960 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है. एक दिन पहले दिल्ली में सोने की कीमत में 3,500 रुपये यानी 2.26 प्रतिशत की भारी गिरावट आई थी.
22 कैरेट और 24 कैरेट सोने के भाव
दिल्ली: 22 कैरेट - 1,36,690 रुपये. 24 कैरेट - 1,49,110 रुपये
मुंबई: 22 कैरेट - 1,36,540 रुपये. 24 कैरेट - 1,48,960 रुपये
अहमदाबाद: 22 कैरेट - 1,36,590 रुपये. 24 कैरेट - 1,49,010 रुपये
पुणे और बेंगलुरु में भी 24 कैरेट सोने का भाव 1,48,960 रुपये प्रति 10 ग्राम है.
क्यों गिरे सोने के दाम?
एक्सपर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान पर अगले दो-तीन हफ्तों में हमले की चेतावनी के बाद कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आ गया है. डॉलर भी 0.5 प्रतिशत मजबूत होकर 99-100 के स्तर पर पहुंच गया है.
इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ा है. इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष तथा होर्मुज स्ट्रेट से तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंका ने भी सोने की कीमतों को नीचे खींचा है.
चांदी के दाम भी गिरे
चांदी की कीमत में भी अच्छी खासी गिरावट आई है. 3 अप्रैल की सुबह दिल्ली में चांदी का भाव 2,49,900 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया. एक दिन पहले इसमें 9,000 रुपये या 3.66 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी. अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का हाजिर भाव 69.57 डॉलर प्रति औंस है.
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
एक्सपर्ट का मानना है कि भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने के बावजूद डॉलर की मजबूती और तेल की ऊंची कीमतों ने सोने-चांदी को सपोर्ट नहीं करने दिया. इस साल जनवरी में चांदी 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर को पार कर चुकी थी, लेकिन अब इसमें लगातार गिरावट देखने को मिल रही है.
गुड फ्राइडे के कारण कई अंतरराष्ट्रीय बाजार बंद हैं, जिससे घरेलू बाजार में भी कम कारोबार हो रहा है. आने वाले दिनों में ईरान-इजरायल तनाव और अमेरिकी नीतियों पर नजर रखने की सलाह दी जा रही है, क्योंकि इनका सोने-चांदी की कीमतों पर बड़ा असर पड़ सकता है.


