AI क्षेत्र में भारत में एशिया का सबसे बड़ा निवेश करने जा रही माइक्रोसॉफ्ट, PM मोदी से मिलने बाद सत्य नडेला ने किया ऐलान

माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्य नडेला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद भारत में 17.5 अरब डॉलर के रिकॉर्ड निवेश की घोषणा की. यह निवेश AI इंफ्रास्ट्रक्चर, स्किल डेवलपमेंट और डिजिटल क्षमता को मजबूत करेगा. नडेला ने कहा कि भारत तेजी से AI नवाचार में अग्रणी बन रहा है.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

नई दिल्ली : माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्य नडेला ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद भारत में 17.5 अरब डॉलर (लगभग 1.57 लाख करोड़ रुपये) के ऐतिहासिक निवेश की घोषणा की. यह निवेश एशिया में माइक्रोसॉफ्ट का अब तक का सबसे बड़ा निवेश माना जा रहा है. यह फैसला भारत के तेजी से विकसित हो रहे AI First भविष्य को सशक्त बनाने के लिए लिया गया है, जिसमें इंफ्रास्ट्रक्चर, कौशल विकास और सॉवरेन कैपेबिलिटी को मजबूत बनाने पर जोर दिया जाएगा. नडेला ने पीएम मोदी को धन्यवाद देते हुए बताया कि भारत की AI क्षमता और महत्वाकांक्षाएं कंपनी के लिए अत्यंत प्रेरणादायक हैं.

PM मोदी से मुलाकात के बाद घोषणा

सत्य नडेला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा कि भारत के AI अवसरों पर पीएम मोदी के साथ हुई चर्चा बेहद प्रेरणादायक रही. नडेला ने कहा कि माइक्रोसॉफ्ट भारत के AI इकोसिस्टम के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और यह निवेश भारत की तकनीकी प्रगति को नई ऊंचाई देगा. AI आधारित समाधान, आधुनिक डाटा सेंटर और डिजिटल क्षमताओं के विकास को इस निवेश का मूल आधार बनाया जाएगा.

पहले भी किया था बड़ा निवेश का वादा
जनवरी 2025 में भारत यात्रा के दौरान नडेला ने घोषणा की थी कि माइक्रोसॉफ्ट आने वाले दो वर्षों में क्लाउड, AI इंफ्रास्ट्रक्चर और स्किल डेवलपमेंट में 3 अरब डॉलर का निवेश करेगा. इस योजना में देशभर में नए डेटा सेंटर्स स्थापित करने और AI आधारित तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया था. नया निवेश इस पहले प्लान को और भी व्यापक और प्रभावी बनाता है.

भारत के AI मार्केट को मिलेगी बड़ी रफ्तार
कंपनी के अनुसार, यह निवेश भारत के AI मार्केट को तेज गति देने में निर्णायक भूमिका निभाएगा. माइक्रोसॉफ्ट ने यह भी घोषणा की कि उसके Advanta (AI) GE India Program के दूसरे संस्करण में अगले पांच वर्षों में 1 करोड़ भारतीयों को AI स्किल की ट्रेनिंग दी जाएगी. यह कदम भारत की दीर्घकालिक वैश्विक प्रतिस्पर्धा को बढ़ाने में मदद करेगा और AI विशेषज्ञों की एक विशाल नई पीढ़ी तैयार करेगा.

भारत में AI क्रांति को मजबूत करने की प्रतिबद्धता
सत्य नडेला का कहना है कि भारत आज AI नवाचार के क्षेत्र में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और इसका असर देश के हर क्षेत्र में नए अवसरों के रूप में दिखाई दे रहा है. उनका कहना है कि माइक्रोसॉफ्ट द्वारा घोषित यह बड़ा निवेश भारत को वैश्विक AI लीडर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है. कंपनी का लक्ष्य है कि AI तकनीक से देश के आम नागरिक, उद्योग और संगठन सभी को व्यापक लाभ मिल सके.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो