रिलीज से पहले गायब हो गई धुरंधर की पूरी टीम! आदित्य धर ने क्यों किया सभी को अंडरग्राउंड? जानिए वजह

आदित्य धर की फिल्म धुरंधर का अगला पार्ट 'धुरंधर 2' 19 मार्च को रिलीज होने वाली है. रिलीज से पहले एक हैरान कर देने वाली जानकारी सामने आई है. डायरेक्टर ने फिल्म की पूरी टीम को अंडरग्राउंड कर दिया है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: बॉलीवुड में फिल्म प्रमोशन का मतलब आमतौर पर शोर-शराबा, इंटरव्यू और पब्लिक अपीयरेंस माना जाता है, लेकिन फिल्म धुरंधर 2 (धुरंधर द रिवेंज) ने इस नियम को पूरी तरह तोड़ दिया है. रिलीज से सिर्फ कुछ दिन पहले फिल्म की पूरी कास्ट और क्रू गायब हो गई है. डायरेक्टर आदित्य धर ने अपनी पूरी टीम को घर में कैद करने का फैसला लिया है.

आदित्य धर का चौंकाने वाला फैसला

19 मार्च को रिलीज होने वाली फिल्म को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है. डायरेक्टर आदित्य धर नहीं चाहते कि रिलीज से पहले कोई स्पॉइलर या अनचाहा खुलासा हो जाए. इसलिए उन्होंने पूरी टीम को सख्त हिदायत दी है कि रिलीज तक वे पूरी तरह अंडरग्राउंड हो जाएं.

कोई इंटरव्यू नहीं, कोई टीवी शो नहीं, कोई मॉल इवेंट नहीं और न ही कोई पब्लिक अपीयरेंस. टीम को साफ निर्देश दिया गया है कि फिल्म से जुड़े किसी भी सवाल का जवाब देने से बचना है.

कलाकारों ने बताया घर में कैद होने का सच

फिल्म से जुड़े एक प्रमुख कलाकार ने इस अनोखी स्थिति पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा, "हम अब शादी-ब्याह, मंदिर या किसी भी पारिवारिक कार्यक्रम में भी नहीं जा रहे हैं. बस घर में रहो, यही हमारा नया मंत्र है. डर है कि कोई अजीब सवाल पूछ ले और फिल्म का सस्पेंस टूट जाए. लोगों में धुरंधर 2 को लेकर बहुत एक्साइटमेंट है, इसलिए रिलीज तक मीडिया की नजरों से दूर रहना ही सुरक्षित है."

पहले पार्ट और सीक्वल में कितना फर्क

पहली फिल्म धुरंधर के समय माहौल बिल्कुल उल्टा था. तब डायरेक्टर के अलावा हर कलाकार, टेक्नीशियन और यहां तक कि बैकग्राउंड डांसर्स भी मीडिया में छाए रहते थे. उन्हें रियलिटी शोज और प्राइवेट इवेंट्स में भारी फीस मिल रही थी, लेकिन इस सीक्वल में नियम पूरी तरह बदल गए हैं.

अब संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, अक्षय खन्ना, दानिश पंडोर, राकेश बेदी और नवीन कौशिक जैसे कलाकार भी चुप्पी साधे हुए हैं. सभी ने लाइमलाइट से दूरी बना ली है.

प्रमोशन की नई रणनीति

आदित्य धर की यह अंडरग्राउंड रणनीति बॉलीवुड के पारंपरिक प्रमोशन मॉडल से बिल्कुल अलग है. जहां आमतौर पर रिलीज के आखिरी हफ्ते में करोड़ों रुपये प्रमोशन पर खर्च किए जाते हैं, वहीं धुरंधर 2 टीम सस्पेंस को बनाए रखने की कोशिश में है.

फिल्म 19 मार्च को रिलीज हो रही है. अब देखना यह है कि यह अनोखा प्रयोग काम आता है या नहीं. क्या घर में कैद रहकर टीम सस्पेंस बनाए रख पाएगी और दर्शक थिएटर में पहुंचेंगे?

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो