'महाकुंभ में हुई असुविधा के लिए BJP सरकार जिम्मेदार', अखिलेश यादव का आरोप
Akhilesh yadav: अखिलेश यादव ने महाकुंभ में भीड़ और जाम की समस्या पर सरकार को घेरा है. उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान प्रदेश के टोल फ्री किए जाने चाहिए.

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और इसके लिए BJP सरकार जिम्मेदार है. उन्होंने महाकुंभ हादसे में हुई मौतों और दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिवारों को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की.
अखिलेश यादव ने सोमवार को एक बयान में कहा कि महाकुंभ के रास्तों पर लाखों लोग जाम में फंसे हुए थे और घंटों अपनी गाड़ियों में फंसे रहे. उन्होंने कहा कि कई लोग रास्ते में बेहोश हो गए, लेकिन उनकी देखभाल के लिए कोई इंतजाम नहीं थे. अखिलेश ने आरोप लगाया कि स्थिति को संभालने के लिए कोई जिम्मेदार मंत्री या अधिकारी नजर नहीं आ रहे थे, और जो पुलिसकर्मी या चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर रहे थे, उनकी देखभाल के लिए भी कोई प्रबंध नहीं किया गया. इसके अलावा, महाकुंभ के चारों ओर जाम के कारण खाने-पीने का सामान, दवाइयां, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही थी, जो एक गंभीर स्थिति है.
टोल फ्री किए जाएं वाहन
अखिलेश यादव ने मांग की कि महाकुंभ के मद्देनजर प्रदेश में सभी वाहनों को टोल फ्री किया जाए, जिससे यात्रा में रुकावट कम होगी और जाम की समस्या भी हल होगी. उन्होंने उदाहरण दिया कि जैसे फिल्मों को मनोरंजन कर मुक्त किया जाता है, वैसे ही महाकुंभ के दौरान वाहनों को कर मुक्त किया जाना चाहिए. अखिलेश ने यह भी कहा कि प्रयागराज के लोग गंदगी, जाम और महंगाई के अलावा कुछ नहीं देख रहे हैं.
केशव प्रसाद मौर्य का जवाब
अखिलेश यादव के महाकुंभ की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाने पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का महाकुंभ पर सवाल उठाना हिंदू समाज की आस्था पर हमला करने जैसा है और यह उनकी संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है. केशव ने अखिलेश को सलाह दी कि वे महाकुंभ के बारे में अनर्गल बातें करना बंद करें, क्योंकि पूरी दुनिया से श्रद्धालु अपनी आस्था के कारण प्रयागराज पहुंच रहे हैं और भाजपा कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से उनकी सेवा में लगे हुए हैं.
केशव प्रसाद मौर्य ने अपने ट्विटर हैंडल पर अखिलेश पर हमला करते हुए कहा कि महाकुंभ भारतीय संस्कृति का गौरव है और सपा प्रमुख को इस पर सवाल उठाने से बचना चाहिए.


