'भारत ने जितना बताया उससे कहीं ज्यादा अंदर तक हमले किए', पाकिस्तान ने डोजियर में खुद कबूला
पाकिस्तानी गोपनीय दस्तावेज से खुलासा हुआ है कि भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत आधिकारिक रूप से बताए गए लक्ष्यों से कहीं अधिक गहराई में पाकिस्तान के कई शहरों पर हमला किया था.

भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने नई दिल्ली द्वारा आधिकारिक तौर पर घोषित किए गए दायरे से कहीं ज्यादा गहराई तक पाकिस्तान में प्रहार किया था. ये सनसनीखेज खुलासा पाकिस्तान के एक गोपनीय दस्तावेज से हुआ है, जिसमें भारत के जवाबी हमले को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के 'ऑपरेशन बुनियान उन मर्सूस' से जुड़े इस दस्तावेज में भारत के हमलों से जुड़े नक्शे और स्थान दर्ज हैं, जो पहले सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए थे.
पाकिस्तानी दस्तावेज के अनुसार, भारत ने 7 मई को सैन्य अभियान में कम से कम 8 अतिरिक्त ठिकानों को निशाना बनाया, जिनका जिक्र भारत सरकार की आधिकारिक ब्रीफिंग में नहीं किया गया था.
दस्तावेज में भारत के निशानों का दावा
पाकिस्तानी रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत ने पेशावर, झंग, हैदराबाद (सिंध), गुजरात, गुजरांवाला, बहावलनगर, अटॉक और छोर जैसे शहरों को निशाना बनाया था. ये वे जगह हैं जिनका कोई उल्लेख भारत की सार्वजनिक जानकारी में नहीं था. जबकि भारत की ब्रीफिंग में केवल उन ठिकानों को दर्शाया गया था जो आतंकवादी ढांचे से संबंधित थे.
भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' को 22 अप्रैल को अनंतनाग के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में अंजाम दिया था, जिसमें 26 निर्दोष नागरिक मारे गए थे. ये ऑपरेशन ना सिर्फ एक जवाबी कार्रवाई था, बल्कि भारत की नई सैन्य नीति की स्पष्ट झलक भी थी, जिसमें आतंक को युद्ध के समान माना गया.
भारत की ब्रीफिंग में क्या बताया गया था?
भारतीय सैन्य अधिकारियों ने 7 मई के बाद जो जानकारी साझा की थी, उसमें बताया गया था कि 9 ठिकानों पर प्रिसिशन स्ट्राइक की गई थी. इनमें बहावलपुर स्थित जैश-ए-मोहम्मद का मुख्यालय और मुरिदके का लश्कर-ए-तैयबा कैंप शामिल थे. इसके अलावा मुज़फ्फराबाद, कोटली, रावलकोट, चक्सवारी, भीमबर, नीलम घाटी, झेलम और चकवाल जैसे क्षेत्रों को भी निशाना बनाया गया था.
सैन्य बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान
भारतीय हमलों के बाद पाकिस्तान ने पश्चिमी भारत के सैन्य और नागरिक क्षेत्रों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया. इसके जवाब में भारत ने एक और चरण में हमला करते हुए पाकिस्तान की सैन्य संपत्तियों को सीधे निशाना बनाया. इस दौरान भारत ने पाकिस्तान के 11 एयरबेस को निशाना बनाया जिनमें नूर खान, रफीकी, मुरिद, सुक्कुर, सियालकोट, पसूर, चुनीयां, सरगोधा, स्कार्दू, भोलारी और जैकबाबाद शामिल थे. इन हमलों ने पाकिस्तान के सैन्य ढांचे को बड़ा नुकसान पहुंचाया.


