तमिलनाडु चुनाव 2026: एआईएडीएमके ने 127 उम्मीदवारों की दूसरी सूची की जारी

ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम ने शुक्रवार को तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए 127 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (AIADMK) ने शुक्रवार को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी. इस सूची में 127 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं. इससे पहले पार्टी 23 सीटों के लिए उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी थी, जिसके साथ अब तक कुल 150 उम्मीदवारों की घोषणा हो चुकी है. पार्टी ने बाकी सीटों के लिए भी जल्द उम्मीदवार घोषित करने के संकेत दिए हैं.

BJP को 27 सीटें आवंटित 

इस बीच, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने हाल ही में तमिलनाडु में सीटों के बंटवारे को लेकर अपनी रणनीति को अंतिम रूप दिया है. समझौते के तहत AIADMK को सबसे बड़ी हिस्सेदारी मिली है और वह 170 से अधिक सीटों पर चुनाव मैदान में उतरेगी. भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 27 सीटें आवंटित की गई हैं, जबकि अंबुमणि रामदास के नेतृत्व वाली पट्टाली मक्कल काची (PMK) 18 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी.

AMMK को 11 सीटें

इसके अलावा, टीटीवी दिनाकरन की अम्मा मक्कल मुन्नेत्र कड़गम (AMMK) को 11 सीटें दी गई हैं. गठबंधन में शामिल अन्य छोटे दल भी चुनावी मुकाबले में हिस्सा लेंगे. हालांकि, वे संभवतः AIADMK या BJP के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ सकते हैं. इन दलों में जीके वासन की तमिल मनीला कांग्रेस (मूपनार), टीआर पारीवेंधर की इंधिया जननायगा काची (IJK), एम जगन मूर्ति की पुरैची भारतम काची (PBK), एसी शनमुगम की पुथिया नीधि काची (PNK), बी जॉन पांडियन की तमिझागा मक्कल मुनेत्र कड़गम (TMMK) और केसी तिरुमरन की साउथ इंडियन फॉरवर्ड ब्लॉक (SIFB) शामिल हैं.

तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 23 अप्रैल को कराया जाएगा, जबकि चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे. राज्य में चुनावी माहौल तेजी से गर्म हो रहा है और प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो