7 करोड़ लेकर भी नहीं मिला टिकट, पूर्व महिला कांग्रेस नेता के पति की शिकायत पर दिल्ली में केस दर्ज

हरियाणा विधानसभा टिकट को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है, जहां पूर्व महिला कांग्रेस नेता के पति ने आरोप लगाया है कि टिकट के लिए 7 करोड़ रुपये लिए गए. शिकायत के आधार पर दिल्ली में केस दर्ज होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर एक बड़ा राजनीतिक विवाद सामने आया है. पूर्व महिला कांग्रेस महासचिव सुचित्रा देवी के पति गौरव कुमार ने गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि विधानसभा टिकट के लिए करोड़ों रुपये लिए गए, लेकिन न तो टिकट मिला और न ही पैसे लौटाए गए.

इस मामले में दिल्ली पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपों में कांग्रेस से जुड़े कई वरिष्ठ नेताओं के नाम सामने आने से यह मामला और भी सुर्खियों में आ गया है.

दिल्ली में दर्ज हुई एफआईआर, जांच शुरू

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के नॉर्थ एवेन्यू थाने में कांग्रेस पार्टी से जुड़े लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

गौरव कुमार ने अपनी शिकायत में पार्टी के बड़े नेताओं पर करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप लगाया है.

टिकट दिलाने के नाम पर लिए 7 करोड़

गौरव कुमार का दावा है कि उन्होंने अपनी पत्नी के लिए बावल विधानसभा सीट से टिकट दिलाने के उद्देश्य से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और उनके सहयोगियों को करीब 7 करोड़ रुपये दिए थे.

उनका आरोप है कि इसके बावजूद उन्हें टिकट नहीं मिला और अब तक पैसे भी वापस नहीं किए गए.

बड़े नेताओं के नाम आने से बढ़ा विवाद

शिकायत में के. सी. वेणुगोपाल और कोडिकुन्निल सुरेश समेत कई वरिष्ठ नेताओं के नाम जुड़े होने का दावा किया गया है.

गौरव ने आरोप लगाया है कि इस पूरे लेन-देन में कई बड़े चेहरों की भूमिका रही है.

सबूत के तौर पर चैट और रिकॉर्डिंग

गौरव कुमार ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को व्हाट्सएप चैट, बैंक स्टेटमेंट और ऑडियो रिकॉर्डिंग समेत कई दस्तावेज सौंपे हैं.

उन्होंने कहा कि उनके पास इस पूरे मामले से जुड़े पर्याप्त सबूत मौजूद हैं.

दो करोड़ का ऑफर देकर दबाव बनाने की कोशिश

गौरव ने यह भी दावा किया कि उन्हें के. सी. वेणुगोपाल के एक करीबी द्वारा फोन कर 2 करोड़ रुपये का ऑफर दिया गया, ताकि वे प्रेस ब्रीफिंग में झूठा बयान दें.

उन्होंने कहा,"अगर आप मेरे खिलाफ बयान देने के लिए दो करोड़ दे सकते हैं, तो मेरे वो पैसे वापस कर दीजिए."

हरियाणा चुनाव 2024 का परिणाम

गौरतलब है कि 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की थी और 90 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत हासिल किया था. वहीं, कांग्रेस को इस चुनाव में 37 सीटों से संतोष करना पड़ा था.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो