'मॉडर्न कंजक भोज' पर छिड़ी बहस: हलवा-पूरी की जगह मैगी-बर्गर परोसने का वीडियो वायरल

चैत्र नवरात्रि के दौरान कन्या पूजन में मैगी और बर्गर परोसने का एक वीडियो वायरल हो गया है, जिसने परंपरा बनाम आधुनिकता की बहस को फिर से हवा दे दी है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

चैत्र नवरात्रि 2026: चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर कन्या पूजन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने परंपरा और आधुनिकता के बीच नई बहस छेड़ दी है. इस वीडियो में पारंपरिक हलवा-पूरी की जगह मैगी और बर्गर परोसते हुए दिखाया गया है.

जहां एक ओर यह 'मॉडर्न कंजक भोज' कुछ लोगों को नया और बच्चों की पसंद के अनुरूप लग रहा है, वहीं दूसरी ओर कई लोग इसे परंपराओं से छेड़छाड़ और सेहत के लिहाज से गलत मान रहे हैं.

परंपरा से हटकर 'मॉडर्न भोग'

आमतौर पर अष्टमी या नवमी के दिन कन्या पूजन में छोटी कन्याओं को घर बुलाकर हलवा, पूरी और काले चने का भोग लगाया जाता है. लेकिन इस बार एक परिवार ने इस परंपरा से हटकर बच्चों की पसंद को प्राथमिकता दी.

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कन्याओं को थाली में मैगी और मिनी बर्गर परोसे गए, जिन्हें देखकर वे काफी खुश और उत्साहित नजर आईं.

सोशल मीडिया पर बंटी राय

इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स दो हिस्सों में बंट गए हैं. एक वर्ग का मानना है कि पूजा में सबसे अहम भावना होती है और बच्चों को खुश करना ही असली भोग है.

वहीं, दूसरा वर्ग इसे परंपराओं के साथ खिलवाड़ बताते हुए कह रहा है कि इस तरह के बदलाव से धार्मिक मान्यताओं और स्वास्थ्य दोनों पर असर पड़ सकता है.

बच्चों की खुशी बनी चर्चा का केंद्र

विवाद के बीच एक बात जो सबसे ज्यादा चर्चा में रही, वह थी कन्याओं के चेहरे पर दिखने वाली खुशी. मैगी और बर्गर पाकर उनकी मुस्कान ने कई लोगों का दिल जीत लिया, जिससे यह मुद्दा और ज्यादा वायरल हो गया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो