'मैं कलाकार हूं, झूठ नहीं बोल सकता' खेसारी लाल यादव ने राजनीति को दिखाया ठेंगा, BJP जॉइन करने की खबरों पर तोड़ी चुप्पी
भोजपुरी स्टार खेसारी लाल ने राजनीति की बात करते हुए एक बहुत बड़ी जानकारी दी है. साथ ही उन्होंने पवन सिंह से लेकर वैभव सूर्यवंशी तक सभी के बारें में कुछ न कुछ तर्क दिए हैं.

बिहार: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने राजनीति में आने की सभी अफवाहों पर पूर्ण विराम लगा दिया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे सिर्फ कलाकार हैं और कलाकार ही रहना चाहते हैं. राजनीति उनके लिए नहीं बनी है, क्योंकि वहां अक्सर झूठ बोलना पड़ता है, जबकि वे हमेशा सच बोलने वाले इंसान हैं.
राजनीति से दूरी का साफ ऐलान
पिछले कुछ दिनों में मनोज तिवारी के बयान और रितेश पांडे के बीजेपी जॉइन करने के बाद खेसारी के बीजेपी में शामिल होने की चर्चा तेज हो गई थी, लेकिन खेसारी ने दो टूक जवाब दिया, "राजनीति मेरे बस की बात नहीं है. मैं कलाकार हूं, राजनीति नहीं करूंगा." उन्होंने कहा कि राजनीति में सच बोलने से आगे बढ़ना मुश्किल होता है, जबकि वे ईमानदारी से जीना पसंद करते हैं.
अक्षरा सिंह के पारिवारिक विवाद पर चुप्पी
अक्षरा सिंह और ज्योति सिंह से जुड़े विवाद पर खेसारी ने कहा कि यह उनका निजी मामला है और कोर्ट में चल रहा है. इसलिए वे अब इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते. एक बेटी के पिता होने के नाते वे भावुक हो जाते हैं, लेकिन बोलने से विवाद बढ़ जाता है, इसलिए चुप रहना बेहतर समझते हैं.
पवन सिंह और वैभव सूर्यवंशी को बताया गौरव
पवन सिंह और वैभव सूर्यवंशी जैसे कलाकारों पर बात करते हुए खेसारी ने कहा कि जो भी भोजपुरी इंडस्ट्री या बिहार-झारखंड का नाम रोशन कर रहा है, वह सबका गौरव है. सभी कलाकारों का सम्मान होना चाहिए, चाहे कोई भी हो.
तेज प्रताप यादव के किसी बयान पर खेसारी ने कहा कि स्टारडम हमेशा नहीं रहता. आज कोई बड़ा है, कल कोई और होगा. यह प्रकृति का नियम है. बिहार में मटन-चिकन बिक्री पर रोक और शराबबंदी की समीक्षा जैसे मुद्दों पर उन्होंने कहा कि यह सरकार का विषय है, समीक्षा भी सरकार को ही करनी चाहिए.
बेटियों की सुरक्षा पर जताई चिंता
नीट छात्रा की मौत और परिवार को धमकी के मामले पर खेसारी ने गहरी चिंता जताई. कहा कि जिस राज्य में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, वहां सरकार को गंभीरता से सोचना चाहिए. हर घर में एक बेटी होनी चाहिए, ताकि लोग बेटियों के दर्द को समझ सकें.
खेसारी लाल यादव का यह बयान उनके फैंस के लिए राहत की बात है. वे अब पूरी तरह से फिल्मों, गानों और अपने कलाकार जीवन पर फोकस करना चाहते हैं. भोजपुरी इंडस्ट्री में उनका योगदान जारी रहेगा.


