लश्कर-ए-तैयबा की दिल्ली में बड़ी साजिश, क्या दोहराई जाएगी लाल किला धमाके की घटना?
खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली में संभावित आतंकी हमले को लेकर अलर्ट जारी किया है. लाल किले और चांदनी चौक के मंदिर को निशाना बनाए जाने की आशंका है. सुरक्षा बलों ने सतर्कता बढ़ा दी है और निगरानी तेज कर दी गई है.

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों ने एक गंभीर अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद सतर्कता बढ़ा दी है. खुफिया इनपुट के अनुसार, आतंकी संगठन बड़े हमले की साजिश रच सकते हैं और ऐतिहासिक धरोहरों के साथ धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की आशंका जताई गई है. इस चेतावनी के बाद पुलिस और अन्य एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं. सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली के लाल किले के आसपास आतंकी हमले की योजना बनाई जा सकती है.
सुरक्षा एजेंसियों को मिली जानकारी के अनुसार लाल किले के अलावा चांदनी चौक स्थित एक प्रमुख मंदिर को भी संभावित निशाने के रूप में देखा जा रहा है. आशंका जताई गई है कि हमलावर आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) का इस्तेमाल कर सकते हैं. सुरक्षा बलों ने इन इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और संदिग्ध गतिविधियों पर खास नजर रखी जा रही है.
पहले भी जारी हो चुकी थी चेतावनी
करीब एक महीने पहले भी सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया था. उस समय चेतावनी दी गई थी कि कुछ आतंकी संगठन गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली और देश के अन्य बड़े शहरों को निशाना बना सकते हैं. इसी इनपुट के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था को पहले ही मजबूत कर दिया गया था. अब नए इनपुट के बाद फिर से सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जा रही है.
बदले की मंशा से साजिश की जानकारी
खुफिया एजेंसियों के अनुसार, लश्कर ए तैयबा कथित तौर पर पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में 6 फरवरी को हुई एक मस्जिद में आत्मघाती हमले का बदला लेना चाहता है. उस हमले में 31 लोगों की मौत हुई थी और 160 से अधिक लोग घायल हुए थे. हालांकि, उस घटना की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट ने ली थी. इसके बावजूद यह आशंका जताई जा रही है कि कुछ आतंकी संगठन भारत में बड़ी वारदात की फिराक में हैं.
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
ताजा अलर्ट के बाद दिल्ली पुलिस, अर्धसैनिक बल और खुफिया एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं. भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेकिंग तेज कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज की निगरानी की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है. राजधानी की सुरक्षा को लेकर कोई भी ढिलाई नहीं बरती जा रही है. एजेंसियां हर इनपुट को गंभीरता से ले रही हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके.


