Holi 2026: दिल्ली में 24 घंटे खुली रहेगी शराब की दूकान, इसबार होली पर नहीं रहेगा 'ड्राई डे'
दिल्लीवालों के लिए होली के मौके पर एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. इस साल दिल्ली में होली 'ड्राई डे' की सूची में नहीं है, जिसके कारण होली के मौके पर शराब की दुकानें खुली रहेंगी.

नई दिल्ली: इस साल होली के दिन दिल्ली में शराब की दुकानें बंद नहीं रहेंगी. दिल्ली सरकार ने होली को 'ड्राई डे' की सूची से हटा दिया है. आबकारी विभाग के आदेश के अनुसार, अब रंगों के इस त्योहार पर शराब की बिक्री सामान्य रूप से जारी रहेगी.
पिछले कई सालों से होली पर दिल्ली में ड्राई डे लागू होता था, जिससे दुकानें बंद रहती थी, लेकिन अब बदलाव आया है और लोग होली का जश्न बिना किसी रोक-टोक के मना सकेंगे.
जनवरी में जारी हुई नई सूची
दिल्ली सरकार ने जनवरी में ड्राई डे की सूची जारी की थी. इस सूची में जनवरी से मार्च के अंत तक केवल कुछ चुनिंदा त्योहारों को शामिल किया गया है. इनमें गणतंत्र दिवस, महाशिवरात्रि, ईद-उल-फितर, राम नवमी और महावीर जयंती शामिल है.
होली का नाम इस लिस्ट में नहीं है. आबकारी विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को पुष्टि की है कि इस होली पर कोई ड्राई डे नहीं होगा. इसलिए दिल्ली की लगभग 750 शराब की दुकानें खुली रहेंगी.
पिछले सालों से अलग फैसला
पिछले वर्षों में होली पर दिल्ली में शराब की बिक्री पूरी तरह बंद रहती थी. लोग बाहर से शराब लाते थे या पहले से स्टॉक कर लेते थे, लेकिन इस बार सरकार ने यह नियम हटा दिया है. यह फैसला दिल्ली में शराब नीति के तहत लिया गया है.
अधिकारी ने कहा कि होली अब ड्राई डे नहीं रहेगी और दुकानें सामान्य समय पर खुली रहेंगी. हालांकि, यह बदलाव केवल सरकारी लाइसेंस वाली दुकानों पर लागू है.
होटलों पर नियम अलग
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि होटल, क्लब और रेस्तरां जहां मेहमानों को शराब परोसी जाती है, उन पर यह ड्राई डे का नियम लागू नहीं होगा. वे पहले की तरह मेहमानों को सेवा दे सकेंगे.
साथ ही, लाइसेंस धारकों को इस बदलाव के लिए कोई मुआवजा नहीं मिलेगा. अगर सूची में कोई बदलाव होता है, तो भी वे कोई दावा नहीं कर सकेंगे.
होली का जश्न
होली रंगों, खुशियों और भाईचारे का त्योहार है. दिल्ली में इस बार शराब की दुकानें खुली रहने से कई लोग खुश हैं, लेकिन जिम्मेदारी से पीना जरूरी है. नशे में गलत व्यवहार या दुर्घटना से बचना चाहिए.
सरकार ने यह फैसला लिया है, लेकिन सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी है. होली 4 मार्च को मनाई जा रही है और उम्मीद है कि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से बीतेगा.


