Pakistan Vs England: पकिस्तान-इंग्लैंड सीरीज पूरी तरह से हुई रद्द, PCB ने किया कंफर्म, जानिए वजह

पाकिस्तान शाहीन्स और इंग्लैंड लॉयन्स के बीच अबु धाबी में चल रही सीरीज को अचानक से बीच में ही रद्द कर दिया गया है. इस बात की जानकारी खुद पाकिस्तान बोर्ड ने दी है.

Sonee Srivastav

Pakistan Vs England: पाकिस्तान शाहीन्स और इंग्लैंड लॉयन्स के बीच अबु धाबी में चल रही सीमित ओवरों की सीरीज को अचानक रद्द कर दिया गया है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इसकी पुष्टि की है.

फैसला खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमलों के बाद बढ़े सैन्य तनाव और सुरक्षा जोखिमों के कारण लिया गया. दोनों बोर्डों ने खिलाड़ियों की सुरक्षा को सबसे ऊपर रखते हुए सीरीज खत्म करने का निर्णय लिया.

सीरीज में पाकिस्तान का बुरा हाल 

यह सीरीज अबु धाबी में खेली जा रही थी, जिसमें तीन टी20 और पांच वनडे मैच शामिल थे. अब तक तीन टी20 और दो वनडे पूरे हो चुके थे. इंग्लैंड लॉयन्स ने सभी पांच मैच जीतकर मजबूत प्रदर्शन किया था. बाकी तीन वनडे मैच होने बाकी थे, लेकिन सुरक्षा स्थिति बिगड़ने से वे भी रद्द हो गए. 

पीसीबी के प्रवक्ता ने कहा कि इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) से सलाह के बाद यह कदम उठाया गया. दोनों टीमों के खिलाड़ी और स्टाफ अबु धाबी से पहली उपलब्ध उड़ान से वापस लौटेंगे.

ईरान पर हमले से हवाई क्षेत्र बंद

शनिवार को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर बड़े पैमाने पर हमले किए. इसके जवाब में ईरान ने मिसाइल दागे, जिससे खाड़ी क्षेत्र में विस्फोट हुए और कई जगहों पर नुकसान पहुंचा। दुबई और अबु धाबी जैसे शहर प्रभावित हुए. कई देशों ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया या उड़ानों पर रोक लगा दी. 

दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जो दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है, पर भी असर पड़ा और उड़ानें निलंबित हो गई. इसी वजह से क्रिकेट टीमों की यात्रा मुश्किल हो गई.

अन्य टीमों पर भी असर

इस तनाव से सिर्फ पाकिस्तान शाहीन्स और इंग्लैंड लॉयन्स ही प्रभावित नहीं हुए. पाकिस्तान की महिला टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज खत्म करने के बाद जोहानिसबर्ग में फंसी हुई है. वे दुबई के रास्ते घर लौटने वाली थी, लेकिन हवाई सेवाएं बंद होने से उड़ान नहीं मिल रही. 

टी20 विश्व कप से बाहर हुई वेस्टइंडीज टीम भारत में फंसी है. क्रिकेट वेस्टइंडीज ने कहा कि वे आईसीसी और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर खिलाड़ियों की सुरक्षित वापसी की कोशिश कर रहे हैं/ जिम्बाब्वे की टीम भी दिल्ली में ही अटकी हुई है.

सुरक्षा सबसे पहले

पीसीबी और ईसीबी दोनों ने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट टीम की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है. ईसीबी ने इंग्लैंड महिला टीम के अबु धाबी में प्रस्तावित ट्रेनिंग कैंप को भी रद्द कर दिया। पीसीबी ने कहा कि हवाई क्षेत्र खुलते ही टीमों को सुरक्षित वापस लाया जाएगा.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag