दिल्ली के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में 13 फरवरी को संसद में विस्फोट का जिक्र

दिल्ली के करीब 10 स्कूलों को बम धमाके की धमकी भरे ईमेल मिले, जिनमें संसद का भी जिक्र था. पुलिस और बम निरोधक दल ने जांच की, लेकिन कुछ संदिग्ध नहीं मिला. एहतियात के तौर पर स्कूल खाली कराए गए.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: दिल्ली में एक बार फिर स्कूलों को निशाना बनाकर भेजी गई धमकी भरी ईमेल ने अभिभावकों और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. सोमवार सुबह राजधानी के करीब 10 स्कूलों को बम विस्फोट की चेतावनी मिली. इतना ही नहीं, इन ईमेल में संसद भवन को भी उड़ाने की धमकी दी गई, जिससे सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, स्कूलों को भेजे गए संदेश में कई आपत्तिजनक और भड़काऊ बातें लिखी गईं. इसमें लिखा गया है, 'दिल्ली बनेगा खालिस्तान. पंजाब खालिस्तान है. अफजल गुरु की याद में.' इसमें संसद में धमाका करने की तारीख और समय का भी जिक्र किया गया. ईमेल में 13 फरवरी को दोपहर 1 बजकर 11 मिनट पर विस्फोट की बात कही गई है. साथ ही कुछ अलगाववादी नारे और पुराने आतंकी मामलों से जुड़े नामों का भी उल्लेख किया गया, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है.

सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में

धमकी की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ते की टीमें संबंधित स्कूलों में पहुंचीं. हर परिसर की गहन जांच की गई. अब तक किसी भी स्कूल में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है. अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

स्कूलों को खाली कराया गया

धमकी के बाद सभी प्रभावित स्कूलों को तुरंत खाली करा लिया गया. बच्चों को सुरक्षित घर भेजा गया और अभिभावकों को सूचना दी गई. दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, सुबह कई स्कूलों से इमरजेंसी कॉल मिली थी. इसके बाद दमकल गाड़ियां और सुरक्षा टीमें मौके पर रवाना की गईं. एक अधिकारी ने बताया कि फिलहाल सभी स्कूलों की तलाशी जारी है और हालात सामान्य हैं. हालांकि इस तरह की घटनाओं से छात्रों और अभिभावकों में डर का माहौल बन जाता है.

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

हाल के महीनों में दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में भी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं. कई मामलों में जांच के बाद यह संदेश फर्जी पाए गए, लेकिन हर बार प्रशासन को पूरी सावधानी बरतनी पड़ती है. पुलिस अब ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है. साइबर सेल भी मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि ऐसे संदेश फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag