मुझ पर चिल्लाओ मत...करिश्मा कपूर मामले में आपस में भिड़े वकील, सामने आया Video

दिल्ली हाईकोर्ट में संजय कपूर की 30,000 करोड़ की संपत्ति विवाद पर सुनवाई के दौरान वकील महेश जेठमलानी और राजीव नायर में तीखी बहस हुई. करिश्मा कपूर के बच्चे संपत्ति में हिस्सा मांग रहे हैं जबकि प्रिया कपूर वसीयत का हवाला दे रही हैं. अदालत ने प्रिया को सभी संपत्तियों का ब्योरा देने का आदेश दिया.

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

दिल्ली हाईकोर्ट में शुक्रवार को एक बेहद संवेदनशील और उच्च-प्रोफ़ाइल मामले की सुनवाई के दौरान माहौल अचानक गरमा गया. मामला दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की लगभग 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति से जुड़ा हुआ है. इस सुनवाई के दौरान दो वरिष्ठ वकीलमहेश जेठमलानी और राजीव नायरएक-दूसरे पर बहस में व्यवधान डालने का आरोप लगाते हुए आपस में तीखी झड़प में उलझ पड़े.

कोर्टरूम में गरमागरम बहस का वीडियो

सोशल मीडिया पर वायरल हुई 21 सेकंड की एक वीडियो क्लिप में देखा गया कि जब जेठमलानी अपनी दलीलें रख रहे थे, तभी नायर ने उन्हें बीच में टोक दिया. इस पर जेठमलानी भड़क उठे और कहा कि मुझ पर चिल्लाइए मत, काउंसिल के साथ थोड़ा शिष्टाचार बरतिए. जवाब में नायर ने कहा कि आपको बीच में टोका जाना पसंद नहीं, तो दूसरों को भी मत टोकिए. इस गरमा-गरमी के चलते कुछ देर कोर्टरूम का माहौल तनावपूर्ण बना रहा.

करिश्मा कपूर के बच्चों का दावा

महेश जेठमलानी इस मुकदमे में बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर का केस लड़ रहे हैं. करिश्मा के बच्चे अपने दिवंगत पिता संजय कपूर की संपत्ति में पांचवां हिस्सा मांग रहे हैं. उनका आरोप है कि 21 मार्च को जारी एक कथित वसीयत में पूरी संपत्ति संजय की पत्नी प्रिया कपूर के नाम कर दी गई, जिसका पहले कभी कोई उल्लेख नहीं किया गया था.

प्रिया कपूर का पक्ष

दूसरी ओर, राजीव नायर प्रिया कपूर की ओर से पैरवी कर रहे हैं. उनका तर्क है कि यह मुकदमा सुनवाई योग्य नहीं है क्योंकि प्रिया संजय की विधिवत पत्नी हैं. उन्होंने अदालत को बताया कि करिश्मा और संजय 2016 में तलाकशुदा हो चुके थे और तलाक के बाद करिश्मा व उनके बच्चों ने संजय से किसी प्रकार का संबंध नहीं रखा. नायर का कहना था कि जब संजय ने अपने जीवन के अंतिम वर्षों में यह वसीयत बनाई, तब वह पूरी तरह वैध थी और प्रेम-स्नेह के पुराने दावों का कोई महत्व नहीं है.

बच्चों को ट्रस्ट से मिली बड़ी संपत्ति का दावा

प्रिया कपूर ने यह भी कहा कि करिश्मा के बच्चों को पहले ही आर.के. फैमिली ट्रस्ट से लगभग 1,900 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति दी जा चुकी है. ऐसे में उनका वर्तमान दावा अनावश्यक है और संपत्ति विवाद को लंबा खींचने का प्रयास मात्र है.

संजय कपूर की मां का दावा

इस विवाद के बीच संजय कपूर की मां ने अदालत में एक अलग बयान दाखिल किया है. उन्होंने दावा किया कि उनके बेटे की 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति बर्बाद हो चुकी है और अब वह खुद बिना किसी सहारे या छत के जीवनयापन कर रही हैं.

अदालत के निर्देश

दिल्ली हाईकोर्ट ने इस जटिल संपत्ति विवाद पर सुनवाई जारी रखते हुए प्रिया कपूर को निर्देश दिया है कि वे 12 जून को संजय की मृत्यु के दिन तक उनकी सभी चल और अचल संपत्तियों का पूरा ब्योरा अदालत में प्रस्तुत करें. अदालत ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच और समाधान के लिए पारदर्शिता बेहद आवश्यक है.
 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो