LED बंद हुई तो चला दी गोली... लाइट खराब होने पर दूल्हे पक्ष ने की फायरिंग, इलेक्ट्रिशियन की मौत

पटौदी के रणसिका गांव में लगन समारोह के दौरान एलईडी लाइट खराब होने पर विवाद बढ़ गया. दूल्हे पक्ष पर इलेक्ट्रिशियन बरकत पर गोली चलाने का आरोप है, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.

Shraddha Mishra

हरियाणा: पटौदी के रणसिका गांव में एक लगन समारोह अचानक खून-खराबे में बदल गया. एक एलईडी लाइट के खराब होने से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दूल्हे और उसके साथियों ने इलेक्ट्रिशियन पर गोली चला दी. इस घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना बृहस्पतिवार रात की है. रणसिका गांव में लगन समारोह चल रहा था, जहां टेंट और लाइट लगाने का काम किया गया था. 

जानकारी के अनुसार, मुस्तफा, बरकत और यूसुफ ने समारोह में एलईडी लाइट लगाने का काम पूरा किया था. रात करीब साढ़े नौ बजे एक लाइट अचानक बंद हो गई. इसी बात को लेकर दूल्हा अमनदीप, साहिल और एक अन्य युवक नाराज हो गए. बताया गया कि तीनों ने पहले इलेक्ट्रिशियन और उसके साथियों के साथ मारपीट की. गुस्से में उन्होंने धमकी भी दी कि गलत लाइट लगाने का परिणाम भुगतना पड़ेगा.

गोलीबारी से मचा हड़कंप

मारपीट के कुछ समय बाद आरोप है कि हमलावर हथियार लेकर लौटे. दूल्हे अमनदीप ने बरकत पर गोली चलाई, लेकिन वह पहली गोली से बच गया और जान बचाने के लिए भागने लगा. तभी दूसरी गोली चलाई गई, जो उसकी कमर में जा लगी. गोली लगते ही वह वहीं गिर पड़ा. मौके पर मौजूद लोगों ने घायल बरकत को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना से समारोह का माहौल पूरी तरह बदल गया और खुशी का मौका मातम में बदल गया.

मृतक और आरोपी की पहचान

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के अलीपुर गांव निवासी बरकत के रूप में हुई है. वह अपनी पत्नी और परिवार के साथ काम के सिलसिले में यहां रह रहा था. उसके ससुर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने दूल्हा अमनदीप और साहिल को नामजद किया है. अपराध शाखा फर्रुखनगर की टीम ने इस मामले में बसई गांव निवासी हर्ष को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोली हर्ष ने चलाई थी.

गलती से चली थी गोली?

गिरफ्तार आरोपी हर्ष ने पूछताछ में बताया कि शादी में फोटो खिंचवाने के दौरान उसके चाचा ने उसे लाइसेंसी पिस्टल पकड़ाई थी. उसने पिस्टल मेज पर रख दी थी और उठाते समय गलती से गोली चल गई. हालांकि पुलिस इस दावे की जांच कर रही है. एसीपी पटौदी योगेश ने बताया कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि गोली हर्ष द्वारा चलाई गई थी. बाकी आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag