Madhya Pradesh Budget 2026 : किसान, शिक्षा और रोजगार पर फोकस, लाड़ली बहनों के लिए 23 हजार करोड़...जानें बजट की बड़े बातें

मध्य प्रदेश में मोहन यादव की सरकार ने बुधवार को विधानसभा में अपना बजट पेश किया. वित्त वर्ष 2026-27 के लिए कुल 4,38,317 करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया. इस बजट में लाड़ली बहनों से लेकर किसानों पर धनवर्षा हुई. वहीं विपक्ष ने राज्य के लोगों पर बढ़ते कर्ज के बोझ पर चिंता जताते हुए नारेबाजी की.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

मध्य प्रदेश : मंगलवार को मध्य प्रदेश विधानसभा में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया. कुल 4,38,317 करोड़ रुपये का यह बजट लगातार छठी बार पढ़ने वाले देवड़ा के लिए भी खास रहा. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इसे ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह बजट सभी वर्गों को साथ लेकर विकास का रास्ता दिखाता है. गरीब, किसान, महिला, युवा और पिछड़े वर्गों के लिए कई बड़ी योजनाओं की घोषणा की गई. विपक्ष ने बजट के दौरान कर्ज के बोझ पर जमकर हंगामा किया और सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए. 

किसानों के 1 लाख सोलर पंप देने का ऐलान 

आपको बता दें कि बजट में किसानों को बड़ी राहत मिली है. सरकार ने 3000 करोड़ रुपये खर्च कर 1 लाख सोलर पंप देने का ऐलान किया. इससे सिंचाई आसान होगी, बिजली की बचत होगी और खेती की लागत भी कम होगी. साथ ही मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए 412 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है. 

लाड़ली बहना और महिलाओं के लिए भारी आवंटन

मोहन यादव सरकार ने लाड़ली बहना योजना पर जमकर खर्च किया है. इस योजना के लिए 23,882 करोड़ रुपये रखे गए हैं. वित्त मंत्री ने कहा कि हर महिला को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना सरकार का लक्ष्य है. महिलाओं के कल्याण के लिए कुल 1.27 लाख करोड़ रुपये अलग से दिए गए हैं. यह राशि महिलाओं के स्वावलंबन और सम्मान को बढ़ाएगी. 

ग्रामीण विकास और जनजातीय क्षेत्रों पर फोकस

ग्रामीण इलाकों को जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री मजरा-टोला सड़क योजना के तहत 21,630 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं. जनजातीय क्षेत्रों के 11,277 गांवों के विकास के लिए 793 करोड़ रुपये का प्रावधान है. जल जीवन मिशन के लिए 4,454 करोड़ और पंचायत-ग्रामीण विकास के लिए 40,062 करोड़ रुपये दिए गए हैं. इससे दूर-दराज के इलाकों में सुविधाएं बढ़ेंगी. 

शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के लिए घोषणाएं

सरकारी स्कूलों में कक्षा 8 तक के बच्चों को टेट्रा पैक दूध मिलेगा. युवाओं के लिए इंडस्ट्रियल-आईटी पार्क खोलने की बात कही गई है. जीरामजी योजना के लिए 10,428 करोड़ और पीएम जनमन योजना के लिए 900 करोड़ रुपये रखे गए हैं. श्रम विभाग को 1,335 करोड़ रुपये मिलेंगे. सिंहस्थ कुंभ की तैयारियां भी इस बजट में तेज होंगी.

राज्य पर कर्ज बजट से ज्यादा 

बजट पेश होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने महात्मा गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया. नेता उमंग सिंघार ने कहा कि राज्य पर कर्ज बजट से ज्यादा हो गया है. उन्होंने 5,600 करोड़ रुपये के नए उधार का हवाला देकर सरकार पर हमला बोला. सदन में भी विपक्ष ने नारेबाजी की और बजट को गरीब-विरोधी बताया. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag