China Explosion : चीन में पटाखों के शॉप में धमाके से 12 लोगों की दर्दनाक मौत, एक सप्ताह में दूसरा बड़ा हादसा

चीन में फायरवर्क्स शॉप में विस्फोट से 12 लोगों की मौत हो गई है, जो हाल के दिनों में इस तरह की दूसरी घटना है. यह विस्फोट हुबेई प्रांत के शियांगयांग शहर में हुआ, जब लोग लूनर न्यू ईयर का जश्न मनाने की तैयारी कर रहे थे. विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

नई दिल्ली : चीन में चंद्र नववर्ष यानी लूनर न्यू ईयर की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब हुबेई प्रांत के जियानयांग शहर में एक पटाखा दुकान में जोरदार धमाका हुआ. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 12 लोगों की जान जाने की पुष्टि हुई है. सरकारी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार. धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसने आसपास के इलाकों को दहला दिया. उत्सव के इस माहौल में अचानक हुई इस त्रासदी ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है और प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है.

जियानयांग में भीषण तबाही

आपको बता दें कि यह दर्दनाक हादसा बुधवार दोपहर करीब 2 बजे जियानयांग शहर के झेंगजी कस्बे में पेश आया. स्थानीय समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार. पटाखों की एक दुकान में अचानक हुए विस्फोट ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया. धमाका इतना जबरदस्त था कि इसने लगभग 50 वर्ग मीटर के दायरे को पूरी तरह प्रभावित कर दिया. मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई और आसमान में जहरीले धुएं का गुबार छा गया था.

राहत और बचाव कार्य जारी 

धमाके की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाएं और दमकल की गाड़ियां तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं. राहतकर्मियों ने मलबे में दबे लोगों को निकालने का चुनौतीपूर्ण काम शुरू किया. भारी मेहनत और कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर करीब 3:30 बजे आग की लपटों पर पूरी तरह काबू पाया जा सका. फिलहाल स्थानीय प्रशासन मृतकों की पहचान करने और उनके शोकाकुल परिजनों तक सूचना पहुंचाने में जुटा है. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार जारी है.

जांच के घेरे में हादसे की वजह

इस भीषण विस्फोट के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है. चीनी जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि क्या दुकान के भीतर अनिवार्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी. लूनर न्यू ईयर के दौरान पटाखों की मांग अत्यधिक बढ़ जाती है. जिसके चलते भारी मात्रा में ज्वलनशील स्टॉक जमा किया जाता है. जांच दल यह भी देख रहा है कि कहीं अवैध रूप से बारूद का भंडारण तो नहीं किया गया था. जिसने इस तबाही को जन्म दिया.

एक हफ्ते में दूसरा बड़ा हादसा

चीन में पटाखों से जुड़ा यह इस हफ्ते का दूसरा बड़ा मामला है. इससे पहले बीते रविवार को पूर्वी जियांगसू प्रांत में भी एक पटाखा दुकान में भीषण आग लग गई थी. उस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में 8 लोगों की असमय मौत हुई थी और 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे. एक के बाद एक हुई इन घटनाओं ने चीनी सरकार की चिंताएं बढ़ा दी हैं. उत्सव के दौरान सुरक्षा इंतजामों में बरती जा रही ढिलाई अब मासूम लोगों की जान पर भारी पड़ रही है.

सरकार की सख्त चेतावनी

विस्फोट की घटनाओं के मद्देनजर चीनी सरकार ने मंगलवार को ही एक विशेष चेतावनी जारी की थी. सरकार ने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि "वसंत महोत्सव की अवधि के दौरान पटाखों का इस्तेमाल अभी भी सबसे बड़ा सुरक्षा जोखिम है." सरकार ने लोगों से सतर्क रहने और केवल लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही सुरक्षित पटाखे खरीदने की सख्त अपील की है. इतनी बड़ी दुर्घटनाओं के बावजूद सुरक्षा नियमों का उल्लंघन जारी है. जिसकी भारी कीमत अब आम लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag