अंतिम समय में बड़ा बदलाव! मुंबई और पुणे में होगा अब महिला राज, जानें कब होंगे महापौर चुनाव?

गुरुवार को मंत्रालय में लॉटरी के जरिए महाराष्ट्र के 29 महानगर पालिकाओं में महापौर पदों के लिए आरक्षण की प्रक्रिया पूरी की गई. इस दौरान महिलाओं को कई बड़े शहरों में महापौर बनाने की बात की गई

Sonee Srivastav

महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के 29 महानगर पालिकाओं में महापौर पदों के लिए आरक्षण की प्रक्रिया गुरुवार को मंत्रालय में लॉटरी के जरिए पूरी हुई. इस लॉटरी से तय हुआ कि कई बड़े शहरों में महापौर महिला होंगी. खासकर मुंबई और पुणे जैसे महत्वपूर्ण नगर निगमों में खुली श्रेणी यानी ओपन कैटेगरी से महिला महापौर चुनी जाएंगी.

यह फैसला रोटेशनल सिस्टम के तहत आया है, जहां पदों को एससी, एसटी, ओबीसी और महिला श्रेणी में बारी-बारी से आरक्षित किया जाता है. 

मुंबई में महिला महापौर का रास्ता साफ

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) में महापौर पद खुली श्रेणी की महिला के लिए आरक्षित हो गया है. इसका मतलब है कि केवल सामान्य वर्ग की महिला पार्षद ही इस पद के लिए पात्र होंगी.  इससे पहले शिवसेना (UBT) ने इस प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे और आरोप लगाया था कि आरक्षण में बदलाव सत्ताधारी गठबंधन को फायदा पहुंचाने के लिए किए गए.

पूर्व महापौर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि अनुसूचित जनजाति (एसटी) के नियम अंतिम समय में बदले गए, जिससे मुंबई एसटी श्रेणी में नहीं आ सका. हालांकि, शहरी विकास विभाग की राज्य मंत्री माधुरी मिसल ने इन आरोपों को खारिज किया और कहा कि पूरी प्रक्रिया नियमों के अनुसार पारदर्शी तरीके से हुई. 

इन शहरों में महिला महापौर का राज 

पुणे महानगरपालिका में भी महापौर पद खुली श्रेणी से महिला के लिए आरक्षित है. इसी तरह पिंपरी-चिंचवड़ (PCMC), नवी मुंबई, धुळे, नागपुर, नाशिक, मालेगांव, नांदेड़ और मीरा-भायंदर जैसे कई नगर निगमों में महिला महापौर होंगी. कुल मिलाकर 29 में से 14-15 महापालिकाओं में महिला महापौर चुनी जाएंगी, जो महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण के नियम के अनुरूप है.

ओबीसी श्रेणी में इचलकरंजी, अहिल्यानगर, कोल्हापुर, चंद्रपुर, जलगांव और अकोला जैसे शहर शामिल हैं, जहां कुछ जगहों पर ओबीसी महिला महापौर होंगी. एससी और एसटी श्रेणी में ठाणे, भिवंडी-निजामपुर, लातूर और जालना जैसे नगर निगम आए हैं. 

कब होंगे महापौर चुनाव ?

आरक्षण घोषणा के बाद अब महापौर चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी. बीएमसी जैसे नगर निगमों में विशेष सदन बैठक बुलाई जाएगी, जहां पार्षदों को सूचना दी जाएगी. आमतौर पर सूचना के सात दिन बाद चुनाव होते हैं, इसलिए मुंबई में महापौर चुनाव 28 या 29 जनवरी के आसपास होने की संभावना है. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag