अमेरिका संग ट्रेड डील को लेकर मोदी का बड़ा दावा, कहा- 'धैर्य का फल मिला'
प्रधानमंत्री मोदी ने एनडीए बैठक में कहा कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौता धैर्यपूर्ण वार्ता का परिणाम है. अमेरिकी टैरिफ 25% से घटकर 18% हुआ है, जिससे भारतीय निर्यात और घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को एनडीए सांसदों की बैठक में अमेरिका के साथ हुए हालिया व्यापार समझौते को भारत की कूटनीतिक सफलता बताया. उन्होंने कहा कि यह समझौता जल्दबाजी में नहीं, बल्कि लंबे समय तक धैर्य और संतुलित रणनीति के साथ की गई बातचीत का परिणाम है. बैठक में पहुंचने पर प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया. सांसदों ने इसे सरकार की बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश किया.
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब टैरिफ को लेकर आलोचनाएं हो रही थीं, तब सरकार ने संयम बनाए रखा. उन्होंने कहा, “कई लोगों ने शुल्क नीति की आलोचना की, लेकिन हमने धैर्य नहीं छोड़ा और आज उसका सकारात्मक परिणाम सामने है.” प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि यह समझौता भारत के लिए अनुकूल आर्थिक माहौल तैयार करेगा. उनके मुताबिक, सरकार ने हमेशा वैश्विक व्यापार वार्ताओं में संतुलित और स्पष्ट दृष्टिकोण अपनाया है, जिसका लाभ अब देश को मिल रहा है.
बदलती विश्व व्यवस्था में भारत की भूमिका
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया की व्यवस्था तेजी से बदल रही है और भारत की भूमिका पहले से अधिक मजबूत हो रही है. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर वे लगातार भारत की बढ़ती ताकत और संभावनाओं का उल्लेख करते रहे हैं. उनका मानना है कि कई देशों के बीच व्यापारिक तनाव के बावजूद भारत के लिए नए अवसर बन रहे हैं.
सांसदों को दिए खास निर्देश
एनडीए संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री ने सांसदों से संसद की कार्यवाही में पूरी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की सही जानकारी जनता तक पहुंचाना बेहद जरूरी है. उन्होंने पार्टी नेताओं से कहा कि वे लोगों के बीच जाएं और केंद्रीय बजट में बताए गए प्रमुख फैसलों को स्पष्ट रूप से समझाएं.
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि इस व्यापार समझौते से भारत में विनिर्माण और उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने इसे औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया.
क्या है भारत-अमेरिका समझौता?
सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई थी. इसके बाद ट्रंप ने घोषणा की कि अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर लगने वाले पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा. ट्रंप ने इसे भारत के प्रति मित्रता और सम्मान का प्रतीक बताया.
ट्रंप ने भरोसा जताया कि यह कदम दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करेगा. प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस फैसले का स्वागत किया और कहा कि इससे भारतीय निर्यातकों को बड़ा लाभ मिलेगा. उन्होंने दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच बढ़ते सहयोग को वैश्विक शांति और समृद्धि के लिए अहम बताया.


