नोएडा में मजदूरों के प्रदर्शन ने मचाया हड़कंप, कई रास्ते बंद
नोएडा फेज-2 में मजदूरों का जोरदार प्रदर्शन सुबह से ही शुरू हो गया, जिससे दिल्ली-नोएडा को जोड़ने वाली मुख्य सड़कों और नेशनल हाईवे-9 पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया. ऑफिस टाइम में यह अचानक अफरा-तफरी मचाने वाला प्रदर्शन लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है.

नोएडा के कई इलाकों में फैक्ट्री मजदूरों के वेतन वृद्धि और अन्य मांगों को लेकर किए गए प्रदर्शन के कारण भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है. प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है. फिल्म सिटी से मायामाया तक का महज चार किलोमीटर का रास्ता पार करने में भी एक घंटे से अधिक समय लग रहा है.
पीक ऑफिस आवर्स में दिल्ली-नोएडा को जोड़ने वाले मुख्य रास्तों पर ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया है. नोएडा फेज-2 में शुरू हुए इस प्रदर्शन का असर सेक्टर 62, फेज-2 और डीएनडी फ्लाईवे पर सबसे ज्यादा देखा जा रहा है.
यातायात अलर्ट/डायवर्जन
— Noida Traffic Police (@Noidatraffic) April 13, 2026
यातायात हेल्पलाइन नं–9971009001 pic.twitter.com/euajZsTFsl
प्रदर्शन और ट्रैफिक जाम
नोएडा फेज-2 में सुबह से शुरू हुए मजदूरों के प्रदर्शन ने ट्रैफिक व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. डीएनडी फ्लाईवे, नेशनल हाईवे-9 और सेक्टर 62 की ओर जाने वाले रास्तों पर बम्पर से बम्पर जाम लग गया है. कई लोगों ने बताया कि वे घंटों से जाम में फंसे हुए हैं.
सोशल मीडिया पर लोगों की फरियाद
एक यूजर ने एक्स पर लिखा, श्रमिकों के आंदोलन के कारण डीएनडी पर यातायात ठप हो गया है. पिछले दो घंटों से नोएडा में यातायात बाधित है. यातायात को नियमित करने में मदद मिल सकती है. आम जनता को परेशानी हो रही है. हजारों लोग फंसे हुए हैं.
दूसरे यूजर ने उत्तर प्रदेश पुलिस को टैग करते हुए कहा, नोएडा 62 से सेक्टर 51 की ओर जाने वाला पूरा रास्ता जाम है. ट्रैफिक पुलिस मौजूद नहीं है और इतने भारी जाम का कारण समझ में नहीं आ रहा है. इस मार्ग को जाम मुक्त करने के लिए तुरंत सहायता चाहिए, हम ऑफिस जाने वाले लोग हैं. कई कम्यूटर्स ने अन्य लोगों को प्रभावित रूट्स से बचने और डायवर्जन लेने की सलाह भी दी है.
प्रदर्शन ने बढ़ाई मुश्किलें
प्रदर्शन नोएडा फेज-2 में सुबह शुरू हुआ और धीरे-धीरे बड़े पैमाने पर फैल गया. कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से झड़प के दौरान वाहनों और संपत्ति में तोड़फोड़ की तथा पथराव भी किया. एक कार में आग भी लगा दी गई. खबरों के अनुसार, पुलिस सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के एक श्रमिक संघ के सदस्य सीमा क्षेत्र के पास इकट्ठा हुए और सड़क के कुछ हिस्सों को ब्लॉक कर दिया, जिससे ट्रैफिक धीमा हो गया. दिल्ली पुलिस और नोएडा पुलिस के जवान स्थिति संभालने और ट्रैफिक डायवर्ट करने में जुटे हैं, लेकिन वाहनों की भारी संख्या ने स्थिति और बिगाड़ दी.


