इडली बैटर नहीं फूलता? अपनाएं ये नैचुरल तरीका बिना ईनो और सोडा के बनेंगी फूली-फूली इडली

अगर इडली का बैटर सही से नहीं फूलता और आपको सोडा या ईनो का सहारा लेना पड़ता है, तो अब इसकी जरूरत नहीं. कुछ आसान नैचुरल ट्रिक्स अपनाकर आप बिना किसी केमिकल के सॉफ्ट और स्पंजी इडली बना सकते हैं.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: इडली एक लोकप्रिय और स्वादिष्ट डिश है, जिसकी जड़ें दक्षिण भारत से जुड़ी हैं, लेकिन आज यह पूरे देश में बड़े चाव से खाई जाती है. हल्की और आसानी से पचने वाली होने के कारण इसे हेल्दी फूड की श्रेणी में भी रखा जाता है. पारंपरिक तरीके से इडली बनाने के लिए चावल और उड़द दाल को भिगोकर पीसा जाता है और फिर इस घोल को खमीर उठाने के लिए रातभर रखा जाता है.

हालांकि कई बार मौसम या अन्य कारणों से बैटर में सही तरीके से खमीर नहीं उठ पाता, जिससे इडली सॉफ्ट और स्पंजी नहीं बनती. ऐसे में लोग सोडा या ईनो का सहारा लेते हैं, लेकिन अब आप बिना इन चीजों के भी नैचुरल तरीके से बेहतरीन इडली बना सकते हैं.

बिना सोडा या ईनो के ऐसे उठाएं खमीर

इडली को मुलायम और फूली-फूली बनाने के लिए बैटर का सही तरीके से फर्मेंट होना बेहद जरूरी है. पारंपरिक तरीके में चावल और उड़द दाल का सही अनुपात अहम भूमिका निभाता है. इसके लिए 3 भाग चावल और 1 भाग उड़द दाल का इस्तेमाल करें.

इसके साथ ही दाल में एक चम्मच मेथी दाना मिलाकर भिगोएं. मेथी दाना खमीर उठाने में मदद करता है और इडली को सफेद और सॉफ्ट बनाता है. गर्मियों में बैटर को फर्मेंट होने के लिए कम से कम एक रात का समय देना जरूरी होता है.

सूजी इडली के बैटर में ऐसे आएगा खमीर

अगर आप सूजी से इडली बना रहे हैं, तो इसे इंस्टेंट तैयार किया जा सकता है. लेकिन अगर आप इसमें भी नैचुरल तरीके से खमीर उठाना चाहते हैं, तो खट्टे दही का इस्तेमाल करें.

सूजी का बैटर बनाते समय खट्टा दही मिलाएं और इसे कुछ समय के लिए ढककर रख दें. अगर आप दोपहर में इडली बनाना चाहते हैं, तो सुबह ही बैटर तैयार कर लें, जिससे सूजी अच्छी तरह फूल जाए.

जल्दी खमीर उठाने के आसान उपाय

अगर आपके पास समय कम है, तो बैटर को तैयार करने के बाद उसके बर्तन को गुनगुने पानी में रख दें. हल्की गर्माहट से खमीर जल्दी उठता है और बैटर सही कंसीस्टेंसी में आ जाता है.

इन आसान और नैचुरल तरीकों को अपनाकर आप बिना सोडा या ईनो के भी सॉफ्ट, स्पंजी और स्वादिष्ट इडली तैयार कर सकते हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो