'मैं बोलना नहीं चाहता था, लेकिन...', AAP पर राघव चड्ढा का पलटवार, जारी किया नया वीडियो
राज्यसभा में पार्टी के उपनेता पद से हटाए जाने के बाद आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा ने शनिवार को जोरदार पलटवार किया. उन्होंने AAP नेतृत्व द्वारा उन पर लगाए गए तीन बड़े आरोपों का तीखा और साफ-साफ जवाब देते हुए विवाद को नया मोड़ दे दिया.

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी में अंदरूनी तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार को एक नया वीडियो जारी कर पार्टी पर लगाए गए आरोपों का करारा जवाब दिया है. चड्ढा ने साफ कहा कि उनके खिलाफ एक स्क्रिप्टेड कैंपेन चलाया जा रहा है जिसमें एक ही भाषा और एक जैसे आरोप दोहराए जा रहे हैं.
राघव चड्ढा ने वीडियो थंबनेल पर लिखा- 'घायल हूं इसलिए घातक हूं'. उन्होंने AAP द्वारा लगाए तीन आरोपों को पूरी तरह झूठा बताया और कहा कि इन्हीं आरोपों के आधार पर उन्हें संसद में बोलने का समय नहीं दिया जा रहा है.
मैं बोलना नहीं चाहता था, मगर चुप रहता तो बार-बार दोहराया गया झूठ भी सच लगने लगता।
Three Allegations. Zero Truth.
My Response: pic.twitter.com/tPdjp04TLt— Raghav Chadha (@raghav_chadha) April 4, 2026
स्क्रिप्टेड कैंपेन का आरोप
राघव चड्ढा ने कहा, 'कल से मेरे खिलाफ एक स्क्रिप्टेड कैंपेन चलाया जा रहा है. एक ही जैसी भाषा, एक ही जैसे आरोप. यह एक सोचा-समझा कैंपेन है.'
पहला आरोप: विपक्ष के वॉकआउट पर साथ न देने का दावा
राघव चड्ढा ने इस आरोप को सरासर झूठ बताते हुए कहा, 'मैं विपक्ष के वॉकआउट के दौरान वहां बैठा रहता हूं, ये सरासर झूठ है.' उन्होंने चुनौती दी कि AAP कोई ऐसा मौका बताए जब विपक्ष ने वॉकआउट किया हो और उन्होंने साथ न दिया हो. उन्होंने कहा कि संसद में हर जगह CCTV कैमरा है, AAP फुटेज निकालकर दिखा दे.
दूसरा आरोप: CEC को हटाने की याचिका पर साथ न देने का आरोप
इस पर राघव चड्ढा ने कहा कि AAP के किसी भी नेता ने औपचारिक या अनौपचारिक रूप से उनसे इस प्रस्ताव पर साइन करने को नहीं कहा. उन्होंने बताया कि AAP के राज्यसभा में कुल 10 सांसद हैं, जिनमें से 6-7 सांसदों ने खुद इस प्रस्ताव पर साइन नहीं किए. राज्यसभा में प्रस्ताव लाने के लिए सिर्फ 50 साईन चाहिए जबकि विपक्ष के पास 105 सांसद हैं.
तीसरा आरोप: डर गए इसलिए बेकार मुद्दे उठा रहे
राघव चड्ढा ने कहा, 'मैं राज्यसभा में चीखने चिल्लाने, गाली गलोच करने, माइक तोड़ने नहीं गया हूं. मैं वहां जनता के मुद्दे उठाने गया. मैं लोगों की ही बात की. मैंने जीएसटी से इनकम टैक्स की बात की. पंजाब के पानी से लेकर दिल्ली की हवा का मुद्दा संसद में उठाया. मैंने सरकारी स्कूलों की हालत से लेकर पब्लिक हेल्थ केयर इंस्टीट्यूट के मुद्दे उठाए. रेलवे की दिक्कतों से बेरोजगारी और महंगाई तक हर जनता के मुद्दे को उठाया. मैं संसद में इंपैक्ट क्रिएट करने गया, रकस क्रिएट करने नहीं.'
राघव चड्ढा का अंतिम संदेश
अंत में राघव चड्ढा ने कहा, 'मुझपर झूठे आरोप लगाए जा रहे. मैं हर झूठ को बेनकाब करूंगा. घायल हूं इसलिए घातक हूं.'
कल भी जारी किया था वीडियो
बता दें कि कल शुक्रवार को भी राघव चड्ढा ने वीडियो जारी कर कहा था कि उन्हें खामोश जरूर किया गया है लेकिन वे हारे नहीं हैं.
AAP ने किया संगठनात्मक बदलाव
आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया. राज्यसभा में राघव चड्ढा को उपनेता पद से हटा दिया गया और उनकी जगह डॉ. अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई. पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर राघव चड्ढा को बोलने का समय न देने और अशोक मित्तल को उपनेता नियुक्त करने का अनुरोध किया है.


