पटना में 3 साल की बच्ची से दुष्कर्म: चाचा समेत दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

बिहार की राजधानी पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र में 3 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

पटना: बिहार की राजधानी पटना से सटे परसा बाजार थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है. यहां एक कलयुगी चाचा ने अपने ही घर में सो रही तीन साल की मासूम भतीजी को अगवा किया और अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया. इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश और सन्नाटा पसरा हुआ है.

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी चाचा और उसके एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया है. घायल बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे इलाज के लिए पटना एम्स (AIIMS) में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उसकी निगरानी कर रहे हैं. घटना शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है, जब बच्ची अपने घर में बेखबर सो रही थी.

घर से उठाकर खेत में ले गए दरिंदे

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए परसा बाजार की थाना प्रभारी मेनका रानी ने बताया कि, "बच्ची अपने घर में सो रही थी. उसी वक्त उसका चाचा उसे घर से उठा कर ले गया और बगल के खेत में ले जाकर अपने दो दोस्तों के साथ दुष्कर्म किया." पीड़ित बच्ची की मां ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उनका देवर नशे का आदी है. वह चुपचाप घर में घुसा और सोती हुई बच्ची को घर से करीब 500 मीटर दूर एक खेत में ले गया.

मछली पालक की सतर्कता से बची जान

वारदात के समय गांव का ही एक व्यक्ति अपने मछली पालन के तालाब की रखवाली कर रहा था. अचानक बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर उसे लगा कि गांव में कोई बच्चा चोर घुस आया है. उसने शोर मचाना शुरू कर दिया. ग्रामीणों और मछली पालक के शोर मचाने के डर से आरोपी मासूम को लहूलुहान हालत में मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए. उधर, घर में मां की नींद खुली तो बच्ची को बिस्तर पर न पाकर वह बदहवास होकर रोने लगी, जिसके बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू की.

पुलिस की कार्रवाई और स्पीडी ट्रायल की तैयारी

परसा बाजार थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) टीम को बुलाया गया है. उन्होंने आश्वस्त किया कि, "पीड़ित बच्ची का मेडिकल कराया जाएगा और न्यायालय में जल्द ही बच्ची एवं मां का बयान दर्ज कराके स्पीडी ट्रायल के तहत आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाई जाएगी." फिलहाल पुलिस फरार तीसरे आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो