ठंड का जोरदार कमबैक! बर्फबारी-बारिश और डेंस फॉग से थम सकती है रफ्तार, IMD ने 10 राज्यों में जारी किया अलर्ट
आज 8 फरवरी को मौसम ने फिर से ताबड़तोड़ करवट ली है. IMD ने अलर्ट जारी कर दिया है कि पहाड़ों पर जोरदार बर्फबारी, मैदानों में घना कोहरा और बारिश हो सकता है. पश्चिमी विक्षोभ की मेहरबानी से ठंड अब और कड़क होने वाली है.

फरवरी की शुरुआत में मिली हल्की राहत के बाद अब सर्दी एक बार फिर जोर पकड़ती दिख रही है. भारतीय मौसम विभाग ने 9 फरवरी 2026 के लिए कई राज्यों में बारिश, बर्फबारी और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव मैदानी इलाकों तक पहुंच रहा है, जिससे तापमान में गिरावट और सुबह-शाम कड़ाके की ठंड बढ़ने की संभावना है.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी मैदानी क्षेत्रों में ठंड को और तेज कर देगी. उत्तर भारत के साथ-साथ मध्य और पूर्वी हिस्सों में भी मौसम में यह बदलाव महसूस किया जा सकता है. लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है.
पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में बड़ा बदला
मौसम विभाग के अनुसार एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ हिमालय की ओर बढ़ रहा है, जिसका असर 9 फरवरी से स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है. यह सिस्टम 10 और 11 फरवरी तक प्रभावी रह सकता है. कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है.
इन राज्यों में बर्फबारी का येलो अलर्ट
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में आज बारिश के साथ भारी बर्फबारी हो सकती है. पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा रही है. आईएमडी ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा टालें, सतर्क रहें और पर्याप्त गर्म कपड़े पहनकर ठंड से बचाव करें. ऊंचाई वाले रास्तों पर फिसलन और कम दृश्यता की वजह से सावधानी बरतने की जरूरत है.
मैदानी इलाकों में ठंड का पलटवार
दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में पिछले कुछ दिनों में ठंड से राहत मिली थी, लेकिन अब पहाड़ों की बर्फबारी के बाद यहां भी न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है. राजस्थान के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो ठंड के दोबारा लौटने का स्पष्ट संकेत दे रहा है.
घने कोहरे से बढ़ रही मुश्किलें
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 9 और 10 फरवरी की सुबह और रात में घना कोहरा छा सकता है. बरेली, गोरखपुर जैसे शहरों में दृश्यता बहुत कम रहने की आशंका है. इसके अलावा बिहार, उत्तरी तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी सुबह के समय घना कोहरा परेशानी का कारण बन सकता है. यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.


