इंडोनेशिया की खदान में बड़ा हादसा: 10 मजदूरों की मौत, राहत कार्य जारी
इंडोनेशिया के वेस्ट जावा में खदान धंसने से 10 मजदूरों की मौत और 6 घायल हो गए, कई अब भी मलबे में दबे हैं. हादसे के वक्त भारी मशीनें भी दब गईं, अधिकारी स्थल को असुरक्षित बता रहे हैं, रेस्क्यू अभियान जारी है.

इंडोनेशिया के वेस्ट जावा प्रांत के चिरेबोन क्षेत्र में एक पत्थर खदान में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. खदान का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे कम से कम 10 मजदूरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान अभी भी जारी है, क्योंकि मलबे के नीचे और लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है.
मलबा हटाने का प्रयास जारी
यह दुर्घटना उस समय हुई जब मजदूर खदान में रोज़मर्रा की तरह खुदाई का काम कर रहे थे. अचानक भारी चट्टानें ढह गईं और मजदूर उनके नीचे दब गए. टीवी फुटेज में दिखा कि मौके पर भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का प्रयास किया जा रहा है. कई शवों को बॉडी बैग में भरकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई है.
इंडोनेशिया की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी (BNPB) के अनुसार, अब तक 10 शव निकाले जा चुके हैं और छह घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अधिकारियों ने बताया कि राहत कार्य तेज़ी से चल रहा है और अतिरिक्त रेस्क्यू टीमों को मौके पर भेजा गया है.
राहत एजेंसी ने यह भी जानकारी दी कि तीन बड़ी खुदाई करने वाली मशीनें (एक्सकेवेटर) भी मलबे में दब गई हैं, जिससे बचाव कार्य में अतिरिक्त कठिनाइयाँ आ रही हैं. यह हादसा दर्शाता है कि खदान में सुरक्षा के पर्याप्त उपाय नहीं किए गए थे.
गवर्नर डेदी मुल्यादी ने जताया शोक
वेस्ट जावा के गवर्नर डेदी मुल्यादी ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि खदान सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतर रही थी. उन्होंने इसकी जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. साथ ही, उन्होंने सरकार से मांग की कि खतरनाक स्थलों पर काम करने वाले मजदूरों के लिए सख्त सुरक्षा नियम बनाए जाएं.
शनिवार को भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहेगा. यह घटना एक बार फिर से विकासशील देशों में खनन कार्यों में सुरक्षा की अनदेखी और मज़दूरों की जान को होने वाले जोखिम को उजागर करती है.


