कॉल ऑफ ड्यूटी के क्रिएटर विंस जैम्पेला की फरारी में जलकर हुई मौत, गेमिंग वर्ल्ड में छाया मातम
'कॉल ऑफ ड्यूटी' सीरीज के सह-निर्माता विंस जैम्पेला का निधन हो गया है. उनकी फरारी का भयानक हादसा हुआ, जिसमें विंस जैम्पेला और उनके एक साथ का निधन हुआ.

वीडियो गेम की दुनिया से एक दुःख भरी खबर सामने आ रही है. 'कॉल ऑफ ड्यूटी' सीरीज के सह-निर्माता विंस जैम्पेला का 55 साल की उम्र में निधन हो गया. दक्षिणी कैलिफोर्निया के एंजेल्स क्रेस्ट हाईवे पर उनकी फेरारी कार का भयानक हादसा हो गया. कार सड़क से फिसलकर कंक्रीट बैरियर से टकराई और आग लग गई.
हादसे का भयानक मंजर
रविवार दोपहर करीब 12:45 बजे अल्टाडेना इलाके में यह दुर्घटना हुई. वायरल वीडियो में दिखा कि लाल फेरारी टनल से तेज रफ्तार से निकली, फिसली और बैरियर से जोरदार टक्कर मारकर धधक गई. कार में दो लोग सवार थे. विंस की मौके पर ही मौत हो गई. दूसरा यात्री गंभीर घायल होकर अस्पताल पहुंचा, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी जान चली गई.
दूसरी व्यक्ति की पहचान अभी सामने नहीं आई है. कैलिफोर्निया हाईवे पेट्रोल पुलिस तेज रफ्तार या अन्य कारणों की जांच कर रही है.बता दें, यह 2026 फेरारी 296 जीटीएस थी.
विंस जैम्पेला की गेमिंग यात्रा
विंस ने इन्फिनिटी वार्ड स्टूडियो में 'कॉल ऑफ ड्यूटी' सीरीज बनाई, जिसकी 50 करोड़ से ज्यादा कॉपियां बिकीं. बाद में रेस्पॉन एंटरटेनमेंट की स्थापना की और 'टाइटनफॉल', 'एपेक्स लीजेंड्स', 'स्टार वॉर्स जेडी: फॉलन ऑर्डर' व 'जेडी: सर्वाइवर' जैसे हिट गेम्स का नेतृत्व किया. वे इलेक्ट्रॉनिक आर्ट्स (ईए) से जुड़े थे और बैटलफील्ड सीरीज के हेड थे.
ईए कंपनी का शोक संदेश
ईए ने बयान जारी कर कहा कि विंस गेमिंग के दूरदर्शी थे. उन्होंने खिलाड़ियों को प्रभावित किया और इंडस्ट्री को नई दिशा दी. उनके गेम आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेंगे. बता दें, विंस तीन बच्चों के पिता थे. इस मुश्किल घडी में सभी उनका साथ दे रहे हैं.
परिवार और सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि
गेमिंग समुदाय सदमे में है. एक्स (ट्विटर) पर फैंस ने उन्हें 'लीजेंड' कहा. एक पोस्ट में लिखा, "कॉल ऑफ ड्यूटी ने हमारी जिंदगी बदली, आरईपी." कई ने परिवार के प्रति संवेदना जताई. बीबीसी, सीएनएन, हॉलीवुड रिपोर्टर जैसे मीडिया ने कवरेज किया.


