30 हजार पन्नों के दस्तावेज जारी, एपस्टीन केस में ट्रंप पर लगे आरोपों को न्याय विभाग ने बताया झूठा और बेबुनियाद

जेफरी एपस्टीन से जुड़ी जांच के दस्तावेजों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर लगे बलात्कार के आरोप को पूरी तरह से खारिज कर दिया गया है. न्याय विभाग ने इसे झूठा और बिना सबूत वाला बताया.

Sonee Srivastav

अमेरिका के न्याय विभाग ने जेफरी एपस्टीन से जुड़ी जांच के दस्तावेजों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर लगे बलात्कार के आरोप को पूरी तरह से नकार दिया है. इन दस्तावेजों को हाल ही में जारी किया गया था, लेकिन विभाग ने इन्हें झूठा और बिना सबूत वाला बताया. यह खुलासा एपस्टीन फाइल्स ट्रांसपेरेंसी एक्ट के तहत किया गया है, जिसके जरिए एपस्टीन के अपराध से जुड़े सरकारी रिकॉर्ड सार्वजनिक किए जा रहे हैं. 

ट्रंप और एपस्टीन पर बलात्कार का आरोप

मंगलवार को जारी इन रिकॉर्ड्स में एक महिला का दावा शामिल है, जिसने ट्रंप और एपस्टीन पर बलात्कार का आरोप लगाया था. इसके अलावा, एक लिमोसिन ड्राइवर का बयान भी है, जिसमें कहा गया कि उसने ट्रंप को एपस्टीन के साथ एक लड़की के बारे में बात करते सुना था.

ये दावे 2020 के चुनाव से पहले एफबीआई को दिए गए थे. दस्तावेजों में यह भी जिक्र है कि ट्रंप ने एपस्टीन के निजी जेट में कई बार यात्रा की थी, लेकिन कोई ठोस सबूत नहीं दिया गया. आरोप लगाने वाली महिला की बाद में गोली लगने से मौत हो गई.

न्याय विभाग की सख्त प्रतिक्रिया

न्याय विभाग ने इन आरोपों को "असत्य और सनसनीखेज" करार दिया है. विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा कि अगर इनमें जरा भी सच्चाई होती, तो इन्हें ट्रंप के खिलाफ पहले ही इस्तेमाल किया जाता.

एक प्रेस विज्ञप्ति में विभाग ने स्पष्ट किया कि फाइलों में अप्रमाणित सूचनाएं हैं, और एफबीआई या अभियोजकों ने ट्रंप पर कोई संदेह नहीं जताया. अधिकारियों ने चेतावनी दी कि इन दस्तावेजों में शामिल होने से कोई आरोप सही नहीं हो जाता. 

ट्रंप और एपस्टीन का पुराना संबंध

ट्रंप और एपस्टीन 2000 के दशक में सामाजिक रूप से जुड़े थे, लेकिन दस्तावेज उन्हें किसी अपराध से नहीं जोड़ते. एक ईमेल में जिक्र है कि ट्रंप ने एपस्टीन के जेट में ज्यादा बार यात्रा की, जब घिसलेन मैक्सवेल जांच के घेरे में थीं. मैक्सवेल को बाद में यौन तस्करी के आरोप में दोषी ठहराया गया.

ट्रंप ने इन खुलासों को "ध्यान भटकाने वाला" बताया और फ्लोरिडा में अपने रिसॉर्ट पर कहा कि ऐसी सामग्री से लोगों की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है.

न्याय विभाग पर लग रहा आरोप 

इन दस्तावेजों को भारी संपादन के बाद जारी किया गया है, ताकि पीड़ितों की सुरक्षा हो सके. इस बैच में 30,000 पेज थे, और आने वाले हफ्तों में लाखों और जारी होंगे. डेमोक्रेट सांसदों ने न्याय विभाग पर मामले दबाने का आरोप लगाया, लेकिन विभाग ने इसे खारिज कर दिया. ट्रंप ने हाल ही में इस पारदर्शिता कानून पर हस्ताक्षर किए, हालांकि पहले वे इसका विरोध कर रहे थे. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag