ईरान अब बिना शर्त सरेंडर करे वरना पूरी तरह तबाह हो जाएगा...डोनाल्ड ट्रंप ने दी आखिरी और सख्त चेतावनी
मध्य पूर्व में तेजी से बढ़ते युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को बहुत सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने दो टूक कहा कि तेहरान के साथ कोई भी समझौता नहीं होगा. केवल बिना शर्त आत्मसमर्पण ही अब एकमात्र रास्ता है.

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्य पूर्व में तेजी से बढ़ते युद्ध के बीच ईरान को बहुत सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने दो टूक कहा कि तेहरान के साथ कोई भी समझौता नहीं होगा. केवल बिना शर्त आत्मसमर्पण ही अब एकमात्र रास्ता है. ट्रंप का यह बयान पूरे क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा रहा है.
ट्रंप का ट्रुथ सोशल पर पोस्ट
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "ईरान के साथ कोई डील नहीं होगी सिवाय बिना शर्त आत्मसमर्पण के. इसके बाद एक बेहतरीन और स्वीकार्य नेता चुनने के बाद हम और हमारे बहादुर सहयोगी मिलकर ईरान को तबाही के कगार से बाहर निकालेंगे. इसे पहले से ज्यादा मजबूत, बेहतर और आर्थिक रूप से समृद्ध बनाएंगे. ईरान का भविष्य शानदार होगा.
'मेक ईरान ग्रेट अगेन' (MIGA!)" ट्रंप ने यह भी कहा कि आत्मसमर्पण के बाद अमेरिका और उसके सहयोगी देश मिलकर ईरान में स्थिरता लाएंगे. वे नए नेतृत्व को चुनने में मदद करेंगे, ताकि देश फिर से मजबूत हो सके.
खामेनेई की मौत
पिछले हफ्ते अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई और मिसाइल हमले शुरू किए। ये हमले तब शुरू हुए जब ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर लंबी बातचीत पूरी तरह विफल हो गई.
इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई, जो ईरान के लिए बहुत बड़ा झटका है. कई अन्य बड़े सैन्य और राजनीतिक नेता भी मारे गए. यह मध्य पूर्व में कई सालों का सबसे बड़ा और खतरनाक संघर्ष बन गया है.
ईरान की जवाबी कार्रवाई
ईरान ने तुरंत जवाब दिया. उसने इजराइल पर और खाड़ी इलाके में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर दर्जनों मिसाइल और ड्रोन हमले किए. तेहरान ने साफ कहा कि वह अपनी रक्षा के लिए हर कदम उठाएगा और दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देगा. इन हमलों से पूरे क्षेत्र में डर का माहौल है। कई देश अब युद्ध के और फैलने की आशंका जता रहे हैं.
जान-माल का बड़ा नुकसान
ईरानी स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, इन हमलों और जवाबी कार्रवाइयों में ईरान में 1,200 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। शहरों में भारी तबाही हुई है. इमारतें ढह गई हैं, अस्पताल भर गए हैं और आम लोग भय में जी रहे हैं. दोनों तरफ से लगातार हमले हो रहे हैं, जिससे स्थिति दिन-ब-दिन और गंभीर होती जा रही है.
ट्रंप की यह कड़ी चेतावनी साफ दिखाती है कि अमेरिका अब किसी तरह की बातचीत या समझौते के मूड में नहीं है. वे पूर्ण आत्मसमर्पण की मांग कर रहे हैं और उसके बाद ईरान को नए सिरे से बनाने का वादा कर रहे हैं.


