Israel Attacks Iran: खामेनेई के घर पर हमला, तेहरान में 30 सैन्य और खुफिया ठिकानों पर धमाके

मिडिल ईस्ट में तनाव खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है. इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई अहम ठिकानों पर मिसाइल हमले किए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 30 स्थानों को निशाना बनाया गया और सुप्रीम लीडर को सेफ हाउस में शिफ्ट किया गया है.क्षेत्रीय युद्ध की आशंका तेज हो गई है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: मध्य-पूर्व में तनाव ने खतरनाक मोड़ ले लिया है. इजरायल ने ईरान पर बड़े पैमाने पर मिसाइल हमले किए हैं, जिनमें राजधानी तेहरान समेत कई अहम ठिकानों को निशाना बनाया गया. इजरायली सूत्रों का दावा है कि इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्ला अली खामेनेई के आवास को भी निशाना बनाया गया.

हालांकि बताया जा रहा है कि खामेनेई उस समय तेहरान में मौजूद नहीं थे और उन्हें एहतियातन एक सेफ हाउस में स्थानांतरित कर दिया गया है. इस बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान को भी निशाना बनाए जाने की खबरें सामने आई हैं, लेकिन इस पर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

तेहरान में लगातार धमाके, राजधानी हाई अलर्ट पर

शनिवार को तेहरान के डाउनटाउन इलाके में कई जोरदार विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं. इसके बाद इजरायल ने ईरान पर मिसाइल हमले की पुष्टि की. स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजधानी के कई महत्वपूर्ण इलाकों को टारगेट किया गया है.

अलजजीरा ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि यह अमेरिका और इजरायल का संयुक्त सैन्य अभियान है. हमलों के बाद तेहरान में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है और कई इलाकों में आवाजाही सीमित कर दी गई है.

30 से ज्यादा ठिकानों पर हमला, सैन्य और खुफिया प्रतिष्ठान निशाने पर

इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान में करीब 30 ठिकानों को निशाना बनाया गया. इनमें सैन्य अड्डे और खुफिया संस्थान शामिल बताए जा रहे हैं. कुछ रिपोर्ट्स में राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के आवास और एक इंटेलिजेंस हेडक्वार्टर को भी टारगेट किए जाने का दावा किया गया है.

हालांकि इन दावों की पुष्टि ईरानी सरकार या राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से अब तक नहीं की गई है.

यूनिवर्सिटी स्ट्रीट और जुम्हूरी इलाके में मिसाइलें गिरीं

ईरानी समाचार एजेंसी फार्स के मुताबिक, तेहरान की यूनिवर्सिटी स्ट्रीट और जुम्हूरी इलाके में कई मिसाइलें गिरीं. शहर के अलग-अलग हिस्सों से धुएं के गुबार उठते देखे गए. मौके पर मौजूद अलजजीरा के संवाददाता ने भी विस्फोटों और धुएं की पुष्टि की, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि हमला राजधानी के घनी आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंचा.

इजरायल का बयान: “प्री-एम्प्टिव अटैक”

इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने बयान जारी करते हुए कहा, ‘इजरायल ने अपनी सुरक्षा के लिए ईरान के खिलाफ प्री-एम्प्टिव अटैक किया है. यह कार्रवाई इजरायल के लिए पैदा हो रहे खतरों को खत्म करने के उद्देश्य से की गई है.’

इस बयान से साफ है कि हमला रणनीतिक योजना के तहत अंजाम दिया गया.

क्षेत्रीय युद्ध का खतरा बढ़ा

हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय की निगाहें ईरान की संभावित प्रतिक्रिया पर टिकी हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ईरान जवाबी कार्रवाई करता है, तो यह संघर्ष दोनों देशों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरा मध्य-पूर्व बड़े युद्ध की चपेट में आ सकता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag