न्यूयॉर्क में पाकिस्तानी होटल डील रद्द! ट्रंप समर्थकों के दबाव के बाद बड़ा फैसला
न्यूयॉर्क शहर ने पाकिस्तानी स्वामित्व वाले रूजवेल्ट होटल को अप्रवासियों के लिए आश्रय स्थल बनाने की 220 मिलियन डॉलर की डील को अचानक खत्म कर दिया है. इस सौदे पर ट्रंप समर्थकों और MAGA कट्टरपंथियों ने कड़ा विरोध जताया था, जिसके बाद शहर के मेयर एरिक एडम्स ने इसे रद्द करने की घोषणा की.

न्यूयॉर्क शहर में पाकिस्तानी स्वामित्व वाले रूजवेल्ट होटल को अप्रवासी आश्रय स्थल बनाने की योजना को अचानक रद्द कर दिया गया है. यह सौदा 220 मिलियन डॉलर का था, लेकिन अमेरिकी करदाताओं के पैसे से प्रवासियों के लिए लग्जरी होटल चलाने के आरोपों के बीच इसे खत्म कर दिया गया. इस फैसले के पीछे ट्रंप समर्थक MAGA कट्टरपंथियों और संघीय सरकार का भारी दबाव माना जा रहा है.
न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स, जो पहले डेमोक्रेट्स के साथ थे लेकिन अब ट्रंप के करीब माने जा रहे हैं, ने यह घोषणा की. यह होटल पाकिस्तान सरकार के स्वामित्व वाली पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) की संपत्ति है, जिसे प्रवासियों के लिए नए आगमन केंद्र और शरण स्थल के रूप में इस्तेमाल किया जाना था. लेकिन ट्रंप समर्थकों के विरोध के बाद इस पर रोक लगा दी गई. आइए जानते हैं, यह पूरा विवाद क्या है
MAGA समर्थकों के विरोध के बाद सौदा रद्द
रूजवेल्ट होटल को मई 2023 में प्रवासियों के लिए आश्रय स्थल के रूप में खोला गया था. तीन साल की इस डील के तहत 1025 कमरों वाले इस होटल में प्रवासियों को 200 डॉलर प्रति रात के किराए पर ठहराया जा रहा था. लेकिन जैसे ही हर हफ्ते हजारों अप्रवासी न्यूयॉर्क आने लगे, होटल के बाहर लंबी कतारें और तंबू नजर आने लगे. ट्रंप समर्थकों और कई न्यूयॉर्क निवासियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि डेमोक्रेट्स अमेरिकी करदाताओं के पैसों से अवैध अप्रवासियों को ‘लक्जरी होटल’ में ठहरा रहे हैं.
रूजवेल्ट होटल पर ट्रंप और उनके समर्थकों का हमला
ट्रंप के समर्थक और MAGA के नेता विवेक रामास्वामी ने कहा: "अवैध प्रवासियों के लिए करदाताओं द्वारा वित्तपोषित होटल का स्वामित्व पाकिस्तानी सरकार के पास है, जिसका मतलब है कि NYC के करदाता वास्तव में एक विदेशी सरकार को भुगतान कर रहे हैं. यह पागलपन है." इसके अलावा, एलन मस्क ने भी ट्रंप के साथ खड़े होकर इस डील पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सरकार होटल के कमरों के लिए सामान्य दर से दोगुना भुगतान कर रही थी.
ट्रंप प्रशासन ने फंड फ्रीज कर दिया
ट्रंप की जीत के बाद, उनके प्रशासन ने न्यूयॉर्क को मिलने वाले FEMA फंड में से 80 मिलियन डॉलर को फ्रीज कर दिया. होटल में आपराधिक गतिविधियों के आरोप लगाए गए, जिसमें वेनेजुएला के आपराधिक गिरोह ‘ट्रेन डी अरागुआ’ का नाम भी आया. इस गिरोह को हाल ही में एक विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित किया गया है.
होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने कहा, "FEMA रूजवेल्ट होटल को वित्तपोषित कर रहा था, जो ट्रेन डी अरागुआ के संचालन का आधार था और जिसका उपयोग लैकेन रिले के हत्यारे को रखने के लिए किया गया था. अमेरिकी लोगों की सुरक्षा के खिलाफ एक भी पैसा खर्च नहीं किया जाएगा."
क्या पाकिस्तान को हो चुका था बड़ा फायदा?
इस होटल पर पाकिस्तान सरकार का स्वामित्व है. 2005 में पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) ने इसमें 36.4 मिलियन डॉलर का निवेश किया था. ट्रंप समर्थकों का कहना है कि पाकिस्तान ने इस सौदे से करोड़ों डॉलर पहले ही कमा लिए हैं. अब जब यह डील रद्द हो चुकी है, सवाल यह उठता है कि क्या पाकिस्तान सरकार और PIA को इसका नुकसान होगा, या फिर वे किसी और रास्ते से इस संपत्ति का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे?
न्यूयॉर्क में अप्रवासियों को लेकर बढ़ता तनाव
न्यूयॉर्क शहर में अप्रवासियों को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है. डेमोक्रेट्स जहां शरणार्थियों को मदद देने के पक्ष में हैं, वहीं ट्रंप और उनके समर्थक इसे अमेरिकी करदाताओं पर ‘अतिरिक्त बोझ’ बता रहे हैं. इस डील का रद्द होना इसी बहस का हिस्सा है, जहां ट्रंप प्रशासन ने अप्रवासियों को सरकारी फंडिंग देने के खिलाफ सख्त कदम उठाने का संकेत दिया है. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में क्या पाकिस्तान इस होटल का कोई नया उपयोग ढूंढता है या फिर इसे बेचने का फैसला करता है!


