भारत में आपका गर्मजोशी से स्वागत...प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने PM तारिक रहमान को भारत आने का दिया निमंत्रण

BNP के नेता तारिक रहमान ने आज यानी मंगलवार को बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ले ली है. भारत की ओर से इसमें शामिल होने के लिए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ढाका गए थे. उन्होंने पीएम मोदी की चिट्ठी तारिक रहमान को सौंपी. इस चिट्ठी के माध्यम से पीएम मोदी ने प्रधानंत्री रहमान को परिवार समेत भारत आने का न्यौता दिया है.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

नई दिल्ली : बांग्लादेश में हाल ही में हुए संसदीय चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की शानदार जीत के बाद वहां का राजनीतिक परिदृश्य पूरी तरह बदल गया है. मंगलवार को बीएनपी नेता तारिक रहमान ने देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में आधिकारिक शपथ ली. भारत ने इस खास मौके पर अपनी कूटनीतिक गर्मजोशी और दोस्ती का हाथ बढ़ाते हुए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को ढाका भेजा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक विशेष पत्र के जरिए तारिक रहमान को सपरिवार भारत आने का न्योता दिया है.

PM मोदी का विशेष निमंत्रण

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के माध्यम से भेजे गए अपने पत्र में तारिक रहमान को उनकी पत्नी डॉ. जुबैदा रहमान और बेटी ज़ैमा के साथ भारत आने के लिए आमंत्रित किया है. 17 फरवरी को ढाका में शपथ ग्रहण के बाद ओम बिरला ने व्यक्तिगत रूप से उनसे मुलाकात कर पीएम मोदी की यह चिट्ठी सौंपी. पत्र में मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया जाएगा और यह यात्रा दोनों देशों की आपसी सहमति के आधार पर होगी.

209 सीटें जीतकर एक तरफा बहुमत किया हासिल

पीएम मोदी ने बीएनपी की प्रचंड जीत की सराहना करते हुए कहा कि यह शानदार जनादेश तारिक रहमान के कुशल नेतृत्व पर जनता के अटूट भरोसे का सबसे बड़ा सबूत है. उन्होंने चुनाव परिणामों को देश में शांति, स्थिरता और खुशहाली के विजन की जीत बताया. बीएनपी ने 297 में से 209 सीटें जीतकर एक तरफा बहुमत हासिल किया है. मोदी ने विश्वास जताया कि रहमान का नेतृत्व अब बांग्लादेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने में पूरी तरह सफल होगा.

पुराने संबंधों का विशेल उल्लेख

अपने पत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और बांग्लादेश के बीच सदियों पुराने गहरे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों का विशेष उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि दो करीबी पड़ोसियों के रूप में हमारी अटूट दोस्ती साझा विरासत और हमारे लोगों की शांति की उम्मीदों पर मजबूती से आधारित है. मोदी के अनुसार, दोनों देशों की विकास संबंधी प्राथमिकताएं एक-दूसरे के पूरक के रूप में कार्य करेंगी. यह विशेष तालमेल ही आने वाले समय में भविष्य के सहयोग के लिए एक गाइडिंग प्रिंसिपल की भूमिका निभाएगा.

महत्वपूर्ण क्षेत्रों में मिलकर काम करने का प्रस्ताव

प्रधानमंत्री मोदी ने द्विपक्षीय संबंधों को एक बिल्कुल नई और अभूतपूर्व ऊंचाई पर ले जाने की इच्छा व्यक्त की है. उन्होंने कनेक्टिविटी, व्यापार, टेक्नोलॉजी और ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में मिलकर काम करने का प्रस्ताव रखा है. इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, स्किल डेवलपमेंट और सांस्कृतिक मेलजोल जैसे क्षेत्रों में साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया है. मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ता यह सहयोग दोनों ही देशों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाएगा.

दोनों राष्ट्र एक-दूसरे की खुशहाली लाने में सक्षम

प्रधानमंत्री ने दोनों देशों को तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था और आधुनिक उभरते हुए समाजों के रूप में वर्णित किया. उन्होंने कहा कि भारत और बांग्लादेश सच में एक-दूसरे की लगातार वृद्धि के लिए उत्प्रेरक का काम कर सकते हैं. दोनों राष्ट्र एक-दूसरे की सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षेत्र में नई खुशहाली लाने में सक्षम हैं. मोदी ने तारिक रहमान के साथ मिलकर काम करने की उत्सुकता जाहिर की ताकि हमारे आपसी रिश्तों को जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावी बनाया जा सके.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag