प्रेम विवाह से नाखुश ससुरालवालों ने दामाद का काटा गला, शातिर तरीके से दिया घटना को अंजाम
प्रेम विवाह से नाराज ससुरालवालों ने अपने ही दामाद की गला काटकर हत्या कर दी है. इस हत्या से पहले उन्होंने एक लंबी प्लानिंग की थी, जिसके बाद अंजाम दिया.

उत्तर प्रदेश: लखनऊ के काकोरी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है. प्रेम विवाह से गुस्साए ससुराल वालों ने 25 साल के दामाद की क्रूर हत्या कर दी. उन्हें विदाई के बहाने बुलाकर पहले जमकर पीटा, फिर चाकू से कई वार किए और अंत में गला काट दिया. बीच-बचाव करने आए मृतक के भाई पर भी हमला किया गया. पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
प्रेम विवाह और परिवार का विरोध
मृतक रामसागर पीलीभीत जिले के माधौटांडा का रहने वाला था. वह फेरी लगाकर कपड़े बेचता था. करीब एक साल पहले उसने लालता खेड़ा गांव की रहने वाली कामिनी से प्यार किया और दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया. पहले मंदिर में शादी हुई, फिर कोर्ट मैरिज भी कराई. शादी के बाद दोनों पीलीभीत में साथ रहने लगे.
कुछ समय बाद कामिनी के परिवार वालों ने रीति-रिवाज से शादी कराने का बहाना बनाकर उसे मायके बुला लिया. वहां उन्होंने कामिनी पर दबाव डाला कि रामसागर से रिश्ता तोड़ दे और उसकी दूसरी जगह शादी तय कर दी जाए. कामिनी ने इनकार किया और रामसागर से संपर्क बनाए रखा. परिवार वाले इस बात से बहुत नाराज थे.
कैसे हुई हत्या की साजिश
मृतक के भाई राहुल गौतम के मुताबिक, 16 फरवरी को कामिनी के पिता भीमा, भाई सुमित और अमित तथा रिश्तेदार पंकज उर्फ बल्ले ने रामसागर को गांव बुलाया. सोमवार देर रात रामसागर अपने भाई राहुल के साथ बाइक से लालता खेड़ा पहुंचा. आरोपियों ने बातचीत के नाम पर उसे गांव के बाहर ले गए और रिश्ता खत्म करने का दबाव बनाया.
रामसागर ने मना कर दिया तो आरोपियों ने उस पर हमला बोल दिया. सुमित ने चाकू निकालकर उसके सीने और पेट में कई बार वार किए. इसके बाद गला काट दिया. राहुल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उस पर भी चाकू से हमला कर घायल कर दिया गया. राहगीरों के आने पर आरोपी भाग गए. राहगीरों ने दोनों को सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रामसागर को मृत घोषित कर दिया. राहुल का इलाज चल रहा है.
पुलिस कार्रवाई और इलाके में दहशत
घटना की खबर मिलते ही पुलिस और एसीपी काकोरी शकील अहमद मौके पर पहुंचे. राहुल की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने भीमा, सुमित, अमित और पंकज को गिरफ्तार कर लिया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि कामिनी की दूसरी शादी तय करने को लेकर विवाद था, इसी वजह से यह वारदात हुई.
रामसागर के परिवार में मां आनंदवती, भाई आदर्श और बहन लक्ष्मी हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. लोग प्रेम विवाह और परिवार के विरोध को लेकर चिंतित हैं. पुलिस जांच जारी है और मामले की गहराई से छानबीन कर रही है.


